New Delhi. देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार को संसद का मानसून सत्र शुरू हुआ. मानसून सत्र में कोरोना संक्रमण को देखते हुए कई बदलाव किए गए हैं. इसी बीच खबर है कि 17 सांसदों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है.
इन सांसदों के नाम
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, मीनाक्षी लेखी, अनंत कुमार हेगड़े सुखबीर सिंह, प्रताप राव जाधव, जनार्दन सिंह, सेल्वम जी, प्रताप राव पाटिल, रामशंकर कठेरिया, सत्यपाल सिंह और परवेश साहिब सिंह समेत देश के 17 सासंदों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है.
सांसदों का हुआ टेस्ट
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बताया कि सत्र से पूर्व सभी सांसदों व उनके परिजनों का कोरोना टेस्ट करवाया गया है. सभी सांसदों को सैनेटाइजर, मास्क, ग्लब्ज सहित अन्य स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी सामग्री की किट भेजी गई है. संसद के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का भी टेस्ट करवाया गया है.
संसद में बैठक व्यवस्था बदली
मॉनसून सत्र के पहले दिन लोकसभा के सदस्यों ने राज्यसभा में बैठकर सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिया. सदन में सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर सीट के आगे प्लास्टिक शील्ड कवर लगाया गया है. सदन में बैठने की बदली हुई व्यवस्था के बीच कई सदस्यों को उनके स्थान तक पहुंचने में लोकसभा कर्मी मदद करते भी दिखे. सदन में सबको बैठकर बोलने की अनुमति दी गई है. मानसून सत्र में कोरोना को देखते हुए कोई भी सांसद खड़े होकर सदन में अपनी बात नहीं रखेगा.
इसे भी पढ़ें- CoronaUpdate: 24 घंटे में 92 हजार से अधिक नये केस, 80 हजार के करीब मौत का आंकड़ा
देश में बढ़ रहे मामले
भारत में भी कोरोना वायरस की रफ्तार तेज हो गई है. देश में 48 लाख के करीब संक्रमितों की संख्या हो गई है. हालांकि राहत की बात ये है कि कोरोना वायरस से देश का रिकवरी रेट दुनिया भर में सबसे ज्यादा है.




