
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पे चर्चा से पूर्व रविवार को गुरु नानक स्कूल, रांची में भव्य आर्ट एवं पेंटिंग एग्जाम वॉरियर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. रांची सांसद संजय सेठ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रांची के 45 छोटे बड़े स्कूलों से जुड़े 1509 से अधिक बच्चों ने सहभागिता की. 1 घंटे की इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया. परीक्षा पे चर्चा से संबंधित कई कलाकृतियां बनाईं. मौके पर सांसद श्री सेठ ने कहा कि यह प्रतियोगिता कोई प्रतियोगिता नहीं है. यह आपके लिए उत्सव है जिसमें आप अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे. प्रधानमंत्री श्री मोदीजी इस देश के हर वर्ग से संवाद किया है. इसी क्रम में वे बच्चों से संवाद करते हैं. वे स्पष्ट कहते हैं कि यह परीक्षा जीवन की परीक्षा नहीं है. इसलिए परिणाम की चिंता किए बगैर आप बेहतर नागरिक बनने के लिए काम करें. इस अवसर पर प्रमुख रूप से केंद्रीय खादी ग्रामोद्योग आयोग के सदस्य व इस आयोजन के राज्य प्रभारी मनोज कुमार सिंह, गुरु नानक स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कुलतार सिंह होड़ा और कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक धनंजय कुमार सहित अन्य भी मौजूद रहे.
रिद्धि को मिला प्रथम पुरस्कार
एग्जाम वारियर्स प्रतियोगिता में गुरु नानक स्कूल की रिद्धि भाटिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. द्वितीय स्थान पर केंद्रीय विद्यालय, हिनू के श्रेष्ठ कुमार मिश्रा एवं तृतीय स्थान पर सुरेंद्रनाथ सैंटनरी स्कूल की श्रेष्ठा बर्मन रही. प्रथम तीन विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र दिया गया. 10 पेंटिंग्स को सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस एवं मेडल प्रदान किया गया. 25 अन्य को सुपीरियर आर्ट वर्क का सर्टिफिकेट दिया गया. अन्य सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा. प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में राकेश कुमार, सजीत मिंज, दयाल साव, जाकिर शाह एवं आरोप नंदी ने अपनी भूमिका निभाई.
इसे भी पढ़ें: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुरू होगा कुष्ठ उन्मूलन पखवाड़ा




