
Koderma: अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय अजय कुमार सिंह की अदालत ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने एवं दहेज प्रताड़ना के तिलैया थाना कांड संख्या 133/14 एवं सत्रवाद 179/14 की सुनवाई के पश्चात कांड के अभियुक्त अमरजीत बारहपुरिया (पिता स्वर्गीय मानिकचंद राम, जहानाबाद) को 306 आईपीसी के तहत दोषी पाते हुए 10 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई. साथ ही 25 हजार जुर्माना लगाया है. जुर्माना की राशि नहीं देने पर 1 वर्ष अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा भुगतनी होगी. वहीं 498ए आईपीसी के तहत दोषी पाते हुए 3 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई वही 10 हजार जुर्माना भी लगाया. जुर्माना की राशि नहीं देने पर 3 माह अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतनी होगी. दोनों सजाएं अलग-अलग चलेगी. इस प्रकार अभियुक्त को कुल 13 वर्ष सजा भुगतनी होगी. अभियोजन का संचालन लोक अभियोजक पीपी पीके मंडल ने किया. इस दौरान सभी 8 गवाहों का परीक्षण कराया गया. बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनवर हुसैन ने दलीलें पेश करते हुए बचाव किया. न्यायालय ने मृतका अलका कुमारी की छोटी बच्ची के लालन-पालन एवं शिक्षा हेतु झारखंड विक्टिम कंपनसेशन स्कीम के तहत उचित मुआवजा देने का भी निर्देश दिया है.
क्या है पूरा मामला
तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्णिमा टॉकीज के पीछे का यह काफी चर्चित मामला रहा है. उक्त मामले में बेटी के ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक ही परिवार के 4 लोगों ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था जिसमें 3 लोगों विनीत कुमार, शिल्पी एवं अलका की मौत हो गई थी. मरने से पूर्व अपने सुसाइड नोट में विनीत कुमार, अलका देवी एवं शिल्पी ने लिखा था कि अलका की शादी 25 मई 2013 को अमरजीत बरहपुरिया के साथ हुई थी. उन सभी के मौत के जिम्मेदार अमरजीत बरहपुरिया एवं उसके परिवार के लोग हैं. उन सबों की मौत के जिम्मेदार बताते हुए अमरजीत एवं उसके परिवार के लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आग्रह समाज, अपने दोस्तों एवं परिजनों से किया था. मृतक के पिता जगन्नाथ प्रसाद के लिखित आवेदन पर तिलैया थाना में मामला दर्ज किया गया था. जगन्नाथ प्रसाद ने भी थाना को दिए आवेदन में उसके पुत्र एवं दो पुत्री के हत्या का आरोपी अमरजीत बरहपुरिया एवं उसके परिजनों को बताया था. ज्ञात हो कि कि जिस वक्त यह घटना घटी थी, उस वक्त अलका देवी की एक डेढ़ से दो माह की गोद में बच्ची थी.
इसे भी पढ़ें: Weather Update: आने वाले पांच दिनों तक लोगों को नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, तेज धूप और उमस से होगा सामना




