
Khunti : जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. इस क्रम में पुलिस ने 11 किलो अफीम और 90 किलो डोडा के साथा चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करों के पास से एक बंदूक भी बरामद किया है.
बरामद अफीम और डोडे की कीमत लगभग 13 लाख रुपये बतायी जा रही है. सायको और मारंगहदा थाना और एसएसबी की सयुंक्त कार्रवाई से यह सफलता मिली है. वहीं गिरफ्तार तस्करों में मची राय मुंडा, ऐतवा मुंडा, लाल सिंह मुंडा और पंडेया मुंडा शामिल है.
इसे भी पढ़ें – NewsWing की खबर पर हुई जांच, DK पांडेय की पत्नी की जमीन की रजिस्ट्री गलत, रद्द होगी जमाबंदी
एंटी क्राइम चैकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
खूंटी एसपी के निर्देश पर अड़की थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एसएसबी कैंप के पास एक बाइक पर सवार दो लोगों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. लेकिन पुलिस को देख दोनों भागने लगे. जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को धर दबोचा.
पकड़े गए लोगों के पास से एक किलो अफीम बरामद हुआ. इसी आधार पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि अफीम को अपने गांव तमाड़ थाना क्षेत्र के कोटामाटी से लेकर मरांगहादा थाना क्षेत्र के रहने वाले हदुआ मुंडा और दुखन मुंडा को देने जा रहे थे. इससे पहले भी तीन बार वे अफीम दे चुके हैं.
इसे भी पढ़ें – रांची में जमीन लूट पर नकेल कसने के लिये डीसी ने जारी किये चार निर्देश
पूछताछ के आधार पर हुई छापेमारी
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हदुआ मुंडा के घर पर छापेमारी की. जहां से पुलिस ने चार किलो अफीम और 40 किलो डोडा के साथ एक बंदूक बरामद किया. वहीं पुलिस को देख हदुआ फरार हो गया लेकिन उसके पिता को पुलिस ने पकड़ लिया.
साथ ही पुलिस ने दुखन मुंडा के घर पर भी छापेमारी की. वहां से पांच किलो अफीम और 50 किलो डोडा बरामद किया गया. हांलाकि दुखन भी भागने में सफल रहा लेकिन पुलिस ने लाल सिंह मुंडा नाम के उसके परिजन को गिरफ्तार कर लिया.




