
Ramgarh: रामगढ़ जिले में वर्ष 2019 में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए कुछ ऐसे कांड जिसमें शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है. इनमें से कई ऐसे चर्चित कांड हैं जिनका पुलिस गुत्थी नहीं सुलझा पायी है.
बहुचर्चित शोभा हत्याकांड, एटीएम से 42.78 लाख रुपये की लूट, एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाओं के आरोपियों तक पुलिस अबतक नहीं पहुंच सकी है.
सीसीएल कर्मी के घर 10 लाख रुपये की डकैती
17 मार्च 2019 को रिटायर्ड सीसीएल कर्मी नागेश्वर महतो के घर में नकाबपोश हथियार से लैस पांच अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था. इस घटना में करीब दस लाख रुपए के जेवरात और मोबाइल फोन लेकर अपराधी फरार हो गये थे.
मामला रामगढ़ शहर के पतरातू बस्ती के आइआइटी कॉलेज रोड के न्यू कॉलोनी का है. डकैती में शामिल अपराधियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
इसे भी पढ़ें- पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सचिव आराधना पटनायक ने गुमला में ODF फर्जी निकासी जांच पर उठाया सवाल, कहा- फिर से करें जांच
एटीएम लूट कांड में नहीं मिली कोई सफलता

5 मई 2019 रामगढ़ के मांडू थाना क्षेत्र में एटीएम से 42.78 लाख रुपये लूट कर अपराधी फरार हो गए. 5 मई की देर रात मांडू स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम को कुछ लोग उखाड़कर ले गये.
अपराधियों ने उसे तोड़कर उसमें से 42.78 लाख रुपये निकाल लिये. पैसे निकालने के बाद एटीएम को बेंगाबाग गांव के पास फेंक दिया गया था. सुबह एक गड्ढे में कुछ लोगों ने टूटा एटीएम देखा तो उन्होंने स्थानीय थाना को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही कुज्जू ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. घटना के बाद से पुलिस मामले का उद्भेदन करने में जुटी है. लेकिन अबतक इस मामले का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस ने इस मामले में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है.
शोभा हत्याकांड का भी खुलासा नहीं
राजधानी की विदिशा और अफसाना परवीन मर्डर मिस्ट्री की तरह रामगढ़ में शोभा की हत्या की गुत्थी भी अनसुलझी है. घटना के एक महीने से ज्यादा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं.

गौरतलब है कि 22 मई को शोभा की जली हुई लाश उसके घर के आंगन से मिली थी. घटना उस वक्त हुई थी जब वो घर पर अकेली थी.
इस हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी के लिए जहां रामगढ़ में जगह-जगह धरना प्रदर्शन किया गया था. वहीं रामगढ़ में एकदिवसीय बंदी भी बुलायी गयी थी. इसके बावजूद भी हत्या की गुत्थी सुलझ नहीं पायी है. शोभा हत्याकांड में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही राजभवन के पास धरना देंगे.
इसे भी पढ़ें- #Crackers: इस दीपावली रांची की सात जगहों से खरीद सकेंगे पटाखे
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या करने वाला जवान फरार

17 अगस्त की देर रात आरपीएफ जवान पवन कुमार ने एक रेलकर्मी के परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी. घटना रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी अंतर्गत रेलवे कॉलोनी की है. जिस वक्त आरपीएफ जवान ने तीनों की हत्या की उस वक्त वह नशे में धुत था. उसने कुल पांच लोगों को गोली मारी थी जिसमें तीन की मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल हो गये थे.
रेलकर्मी अशोक राम सहित तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी आरपीएफ जवान पवन कुमार अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जवान फरार हो गया है.
इसे भी पढ़ें- भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए नोबेल विजेता बनर्जी के विचार कितने मददगार हो सकते हैं
14 वर्षीय बच्चे की हत्या कर कुएं में फेंका शव

रामगढ़ गोला थाना क्षेत्र के मुरपा गांव के एक कुएं से 7 अक्टूबर को एक छात्र का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान कोरांबे निवासी दशरथ महतो का बेटा गौतम कुमार महतो (14 वर्ष) के रूप में हुई थी.
गौतम, दशरथ महतो का एकलौता पुत्र था. गौतम कुमार के नाक से खून बह रहा था. परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की थी. हालांकि अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गौतम कुमार की मौत कैसे हुई है.




