
Ranchi: अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची दीपक दुबे शुक्रवार को खलारी के कोयला खदान में लगी आग का मुआयना करने पहुंचे. खलारी पहुंचते ही वे सीधे करकट्टा स्थित उस बंद खदान को देखने पहुंचे जहां भीषण आग लगी हुई है. खलारी का निरीक्षण करने के बाद वे आसपास के कई घरों में जाकर खदान के कारण बनी दरार देखने गए. स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुने और निराकरण का भरोसा दिया. वहां से लौटकर खलारी प्रखंड सभागार में एक मीटिंग किए जिसमें खलारी बीडीओ, सीओ, खलारी डीएसपी के अलावा सीसीएल एनके एरिया के अधिकारी भी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें : हटिया-गोरखपुर एक्सप्रेस अब जामताड़ा स्टेशन पर भी रुकेगी
मीटिंग के उपरांत पूर्व से इंतजार कर रहे करकट्टा निवासी वयोवृद्ध झामुमो नेता राजकिशोर राम पासवान सहित अन्य करकट्टावासी से मिले और उनके द्वारा दिए गए निर्देशों की जानकारी दी. पत्रकारों को बताया कि बैठक में खदान में लगी आग को नियंत्रण करने व प्रभावित ग्रामीणों को जल्द विस्थापित करने पर विचार विमर्श हुआ. सबसे पहले उस इलाके को घेराबंदी कर बल तैनात किया जाएगा. यह तुरंत शुरू कर दिया जाएगा. इसके बाद ज्यादा प्रभावित लोगों को प्राथमिकता के आधार पर विस्थापन के लिए अगले एक सप्ताह में सीसीएल व सीओ साहब बैठक करेंगे. बाकी अन्य मामलों के संबंध में वे रिपोर्टिंग करेंगे. बताया कि पूर्व में सीसीएल द्वारा दो बार डोजरिंग किया गया है. उन्होंने इसे कंटीन्यू करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें : झरिया फायर एरिया : खेल के दौरान गोफ में गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर
बंद खदान को भरने के संबंध में पूछने पर एसडीएम ने कहा कि अबैंडंड माइन्स में क्या करना चाहिए, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. उन्होंने शॉर्ट टर्म एक्शन का निर्देश दिया है. लांग टर्म एक्शन के लिए जिला प्रशासन, एक्सपर्ट व सीसीएल से विचार विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा. निरीक्षण और बैठक में एसडीएम के साथ खलारी बीडीओ लेखराज नाग, खलारी सीओ शिशुपाल आर्य, पुलिस उप अधीक्षक खलारी अनिमेष नैथानी, खलारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर फरीद आलम के अलावा सीसीएल एनके एरिया के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.




