
Ranchi: वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस वे निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया काफी धीमी चल रही है. 3ए के वेरिफिकेशन की कार्रवाई न के बराबर की गयी है,जिस वजह से इस 500 किमी से अधिक लंबी महत्वाकांक्षी चार लेन रोड परियोजना का काम स्लो हो रहा है. नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने जमीन अधिग्रहण कार्य की धीमी गति पर चिंता जाहिर की है और राज्य सरकार से पहल का अनुरोध किया है.
चार लेन बनने वाली यह रोड झारखंड के धनबाद,बोकारो,गिरिडीह,रामगढ़,हजारीबाग,चतरा जिले से गुजरेगी. इसके लिए संबंधित जिलों में जमीन अधिग्रहण व चिह्नित करने का काम प्रारंभ किया गया है. इसका एलाइनमेंट तैयार करके एनएचएआई प्रशासन मुहैया कराया है और सड़क निर्माण के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है. चतरा, हजारीबाग जिले में कार्य की गति और धीमी है. पथ निर्माण विभाग ने डीसी चतरा और हजारीबाग को यह निर्देश दिया है कि जल्द 3 ए की कार्रवाई पूर्ण करते हुए जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करें.
बता दें कि,राष्ट्रीय राजमार्ग परिवहन मंत्रालय भारत सरकार ने उत्तरप्रदेश के वारणासी से कोलकोता तक रोड कॉरिडोर बनाने के लिए यह प्रोजेक्ट शुरू किया है जो यूपी,बिहार,झारखंड,बंगाल चार राज्यों को जोड़ेगी. यह रोड जीटी रोड के करीब 10 किमी अंदर बनेगा, यानि जीटी रोड के विकल्प का भी काम करेगा. सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत सरकार से इसकी स्वीकृति लेकर टेंडर इत्यादि का काम किया जायेगा.




