National

महाराष्ट्र : भारी बारिश की वजह से पीएम मोदी का पुणे दौरा रद्द

Pune: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पुणे जाने वाले थे. लेकिन महाराष्ट्र में हो रही भीषण बारिश की वजह से उनका दौरा रद्द  हो गया है. पीएम मोदी अब पुणे नहीं जाएंगे. मुंबई समेत महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार से तेज बारिश हो रही है. मुंबई में बारिश तो आज थम गई है लेकिन कई जगहों के लिए आईएमडी ने आज भी रेड अलर्ट जारी किया है. यही वजह है कि पीएम का दौरा रद्द हो गया है.

पीएम मोदी पुणे जिले का दौरा कर 22,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने वाले थे. इसमें सोलापुर हवाई अड्डे का उद्घाटन और परम रूद्र सुपरकंप्यूटर्स का लोकार्पण भी शामिल था. अब जब पीएम पुणे नहीं जा रहे हैं तो संभव है कि ये कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किए जाएं, हालांकि इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

प्रधानमंत्री मोदी का पुणे में आज अदालत मेट्रो स्टेशन से पुणे के स्वारगेट तक चलने वाली मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का भी कार्यक्रम था.  इस मेट्रो खंड के उद्घाटन के साथ ही पुणे मेट्रो रेल परियोजना का पहला चरण पूरा हो जाएगा. जिला अदालत से स्वारगेट के बीच भूमिगत खंड की लागत लगभग 1,810 करोड़ रुपये है. इसके साथ भी पीएम को करीब 2,950 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले पुणे मेट्रो चरण -1 के स्वारगेट-कटराज एक्सटेंशन की आधारशिला भी रखनी थी. अब ये सभी कार्यक्रम वीडियो वर्चुअली हो सकते हैं.

Related Articles

Back to top button