
Dhanbad : भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए लगभग प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. भाजपा ने सिंदरी विधानसभा सीट से वर्तमान विधायक फूलचंद मंडल का टिकट काटकर इन्द्रजीत महतो को दे दिया है.
जिससे फूलचन्द के तेवर बागी हो गये और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. सिन्दरी से भाजपा के वर्तमान विधायक फूलचंद मंडल ने बरवड्डा स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा से इस्तीफा देने की बात कही.
इसे भी पढ़ें – क्या सीएम रघुवर दास बांग्लादेश में जारी पीएम मोदी के उस फर्जी पत्र की पुष्टि कर रहे हैं, जिसका खंडन विदेश मंत्रालय ने किया है
स्थानीय लोगों की नौकरी का उठाया था मुद्दा, इसलिए काटा गया मेरा टिकट
विधायक फूलचंद मंडल ने इस्तीफा की कॉपी दिखाते हुए कहा कि हम हर हाल में चुनाव लड़ेंगे. कोई पार्टी से हो या निर्दलीय, कोई फर्क नहीं पड़ता. इस दौरान फूलचंद ने मुख्यमंत्री रघुवर दास पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्थानीय नीति पर बोलने, मुख्यमंत्री रघुवर दास को छतीसगढ़िया कहने पर हमें टिकट नहीं मिला.
उन्होंने कहा कि सिंदरी फर्टिलाइजर में स्थानीय लोगों को नौकरी देने की मांग करने पर टिकट काटा गया. पारा शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध करने की सजा मुझे दी गयी. आंगनबाड़ी सहिया, सहायिका का वेतन बढ़ाने और स्थायीकरण करने की मांग के कारण मेरा पत्ता साफ किया गया.
साथ ही कहा कि हमने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण देने, किसानों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराने को लेकर आवाज बुलंद किया था. जिससे भाजपा ने मुझे टिकट बंटवारे में नजरअंदाज किया.
इसे भी पढ़ें – पारा शिक्षक और पंचायत स्वंय सेवक घर-घर जाकर कोस रहे #BJP को, रसोईया संयोजिका दबायेंगी नोटा
भाजपा के 80 प्रतिशत कार्यकर्ता आयेंगे हमारे साथ
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फूलचंद मंडल ने कहा कि पहले भी पार्टी हमारी दो बार टिकट काट चुकी है. फिर भी हम तीन बार लगातार विधायक बने. कहा कि हमें टिकट नहीं देने से पार्टी के कार्यकर्ता नाराज हैं. भाजपा छोड़ने पर 80 प्रतिशत कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर हमारे साथ आयेंगे.
उन्होंने कहा कि हम निर्दलीय चुनाव लड़ें या किसी पार्टी से, भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे. भाजपा प्रत्याशी इंदजीत महतो की जमानत जब्त हो जायेगी. गौरतलब है कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि फूलचंद अब तीर धनुष यानि कि जेएमएम के साथ जायेंगे.
इसे भी पढ़ें – टॉस जीतकर बैटिंग में उतरे आजसू के उमाकांत रजक पर भाजपा के अमर बाउरी की कमरतोड़ गूगली




