
Akshay Kumar Jha
Ranchi/Bermo: सीसीएल के सीएमडी आजकल एक नए अवतार में नजर आ रहे हैं. अब से पहले कभी भी इन्हें इस रूप में नहीं देखा गया है. आखिर इनके इस अवतार को धारण करने के पीछे क्या कारण है.
आखिर क्यों सीएमडी साहब नरेंद्र मोदी और रघुवर दास का नाम बार-बार अपनी जुबान पर ला रहे हैं. इन सबकी वजह है एक चर्चा. सीसीएल के बेरमो क्षेत्र में आजकल एक चर्चा आम हो चली है. हर किसी की जुबान पर शशांक सिंह का नाम आ रहा है.
आखिर ये शशांक सिंह हैं कौन और बेरमो के कोयलांचल में इनका नाम इतनी शिद्दत से चुनाव के पहले क्यों लिया जा रहा है. दरअसल शशांक सिंह के पिता का नाम गोपाल सिंह है. गोपाल सिंह सीसीएल के सीएमडी हैं.
इसे भी पढ़ेंः#AppleEvent ने लांच किया #iPhone11, कीमत में कटौती, 64,990 रुपये से शुरुआत
उनके बेटे शशांक सिंह बेरमो से बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं. इसी वजह से गोपाल सिंह लगातार बेरमो का दौरा कर रहे हैं और चुनाव आने पर जिस तरह से नेता वायदे करते हैं और भाषण देते हैं.
ठीक उसी अवतार में सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह भी नजर आ रहे हैं. हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि ना तो बीजेपी की तरफ से हुई है और ना ही गोपाल सिंह ने कहीं इन बातों को कबूला है.
वाशरी गिरने वाले दिन भी सीएमडी बेरमो के कोयलांचल में थे
पांच सिंतबर को कथारा क्षेत्र में आने वाले स्वांग वाशरी का मेन बिल्डिंग भरभरा कर गिर पड़ा. हालांकि इतने बड़े बिल्डिंग गिरने के बाद भी वाशरी के किसी कर्मी को कुछ नहीं हुआ.
वहां काम करने वाले कर्मी और प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि वाशरी की जो इमारत ढही है, उसमें कर्मी काम करते थे.
शिफ्ट बदलने की वजह से उस वक्त वहां कम लोग थे. लेकिन सीसीएल की तरफ से बयान जारी किया गया कि उस बिल्डिंग में कोई नहीं था.
गौर करने वाली बात यह है कि सीसीएल के सीएमडी गोपाल सिंह भी पांच तारीख को स्वांग वाशरी से महज पांच किमी दूर गोमिया के साड़म बाजार में एक पूजा महोत्सव में शामिल होने आए थे.
बकायदा वो उस दिन पूजा महोत्सव में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल हुए.
इसे भी पढ़ेंःआंध्र प्रदेशः TDP प्रमुख नायडू और बेटे नारा लोकेश नजरबंद, सरकार के खिलाफ अनशन से पहले कार्रवाई
ठीक वैसे ही जैसे किसी महोत्सव में कोई बड़ा नेता शामिल होता है. बताते चलें कि गोपाल सिंह के आने से एक दिन पहले वहां झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय भी पहुंचे थे. पूजा स्थल पर सीएमडी गोपाल सिंह को लोगों ने सम्मनित किया और ठीक एक सधे हुए नेता की ही तरह वो भी लोगों से मिले. लेकिन स्वांग का गिरा हुआ ढांचा देखने नहीं गए.
स्वांग वाशरी गिरने पर अधिकारियों की पीठ थपथपायी
स्वांग वाशरी का ढांचा गिरने के ठीक तीन दिन के बाद फिर से एक बाद सीएमडी गोपाल सिंह आठ सितंबर को बेरमो पहुंचे. बेरमो के कई हिस्सों में दौरा करने के बाद वो कथारा में पत्रकारों से बात कर रहे थे. पत्रकारों ने पूछा कि आप स्वांग वाशरी गिरने पर क्या कार्रवाई कर रहे हैं.
इस सवाल का जो जवाब उन्होंने दिया वो चौंकाने वाला है. उन्होंने कहा कि स्वांग वाशरी की जो घटना हुई, मैं सीसीएल प्रबंधन को कथारा और हेडक्वाटर के अधिकारियों को बहुत धन्यवाद देना चाहूंगा.
इन्होंने बड़े ही साइनटिफिक तरीके से और समय पर काम किया.
कहा कि देखिये वाशरी तो पुरानी थी. उसकी लाइफ पूरी हो चुकी थी. सीसीएल ने बिलकुल समय पर एक्शन लिया.
सीएमपीआइडी को लगाकर उसका टेस्ट कराया. रिपोर्ट आने पर उसे बंद कराया. वहां कर्मियों के जाने पर रोक लगी. जिसकी वजह से कितनी जान बची.
वाशरी के भविष्य पर उन्होंने कहा कि हमें कोकिंग कोल का उत्पादन हर हाल में बढ़ाना है. स्वांग वाशरी के भविष्य पर सवाल पूछने पर वो कहने लगे कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड का भविष्य काफी उज्जवल है. वो बार-बार पीएम और सीएम की ही बात कहते रहे. सीसीएल प्रबंधन से जुड़ा कोई भी जवाब उन्होंने नहीं दिया.
सधे हुए जनप्रतिनिधि की तरह किया साफ पानी पहुंचाने का वादा
सीएमडी गोपाल सिंह आजकल खास कर बेरमो में ठीक एक सधे हुए नेता की ही तरह पत्रकारों के हर सवाल का जवाब दे रहे हैं. क्षेत्र की समस्याओं के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि एक समयबद्ध तरीके से प्लान किये हैं.
पूरे सीसीएल के सभी क्षेत्रों में हर घर में ऐसा पानी मिलेगा जिसको नल से निकालकर सीधा ग्लास से आप पी लीजिए. सबसे पहले हमारे सिविल के स्टाफ अफसर उस पानी को पीएंगे.
एक डॉक्टर भी लगाया जाएगा ताकि कोई बीमार ना पड़े. इसपर हमलोग मुहिम की तरह काम कर रहे हैं. परिणाम जल्द सामने होगा. हर घर में साफ पानी आयेगा.
इसे भी पढ़ेंःटुंडी विधानसभा : सीटिंग विधायक #AJSU से, फिर भी #BJP से टिकट की होड़ में दर्जन भर हेवीवेट उम्मीदवार




