
Ranchi : अध्यक्ष महोदय लाखों युवाओं को रोका जा रहा है. थानों में रोका जा रहा है. सड़क पर आने नहीं दिया जा रहा है. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सूचना के माध्यम से यह बातें भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने कही. उन्होंने कहा कि ऐसा क्या हो गया है, जिसकी वजह से युवाओं को रोका जा रहा है. इसपर सूचना के माध्यम से ही सत्ता पक्ष के विधायक प्रदीप यादव ने भाजपा पर झारखंड विरोधी होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह वक्त झारखंड के युवाओं के हितों की रक्षा की बात करने का है. मंगलवार को इसी संदर्भ में सभी पार्टियों के लोग राजभवन गए थे. लेकिन भाजपा नहीं गयी. जबकि पहले भाजपा की सहमति थी. प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड को बेपटरी पर लाना चाहती है. युवाओं को भटका रही है. इस बीच नियोजन नीति, नौकरी और युवाओं के मुद्दे पर सदन में हंगामा जारी रहा. वेल में भाजपा के विधायक प्रदर्शन कर रहे. स्पीकर के आग्रह के बावजूद नारेबाजी जारी रही.
नीलकंठ बोले, राजनीति ना करे सरकार
प्रदीप यादव के बाद सूचना के माध्यम से भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि सरकार सिर्फ राजनीति कर रही है. राजभवन जाने में भाजपा ने कोई सहमति नहीं दी थी. यह कहना सही नहीं है कि हमने सहमति दी थी.
भानु बोले, सड़क-नाली पर चर्चा के लिए यहां नहीं आये हैं, नियोजन नीति पर चर्चा हो
भानु प्रताप शाही ने कहा कि हमलोग सदन में सड़क-नाली पर चर्चा के लिए यहां आए नहीं हैं. युवा सड़क पर है. सरकार बताए कि राज्य में कौन सी नियोजन नीति लागू है. उन्होंने मांग किया कि सदन में नियोजन नीति पर चर्चा हो. भानु प्रताप ने आरोप लगाया कि विधि विभाग की आपत्ति के बाद भी जानबूझकर ऐसी नीति बनाई जा रही है. सरकार युवाओं से खिलवाड़ कर रही है.
भाजपा की दो-दो नियोजन नीति हुई है रद्द
प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा के लोग हंगामा कर रहे हैं. जबकि इनके द्वारा बनाई गई दो-दो नियोजन नीति रद्द हो चुकी है. ये लोग युवाओं का भविष्य सिर्फ झारखंड में ही नहीं पूरे देश मे बर्बाद कर चुके हैं. ये लोग घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं.
नियुक्ति नीति रद्द कराने वाला भाजपा का सदस्य
झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने आरोप लगाया कि नियुक्ति नीति के खिलाफ कोर्ट जाने वाला पिटीशनर रमेश हांसदा भाजपा का सदस्य है. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झारखंड के युवाओं का हित नहीं देखना चाहते हैं. ये लोग सिर्फ राजनीति करते हैं.




