
Gopalgunj : जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सोनार पट्टी गांव में शनिवार को 2 माह की एक गर्भवती की गला दबा कर हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतका के भाई ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज में 10 लाख रुपये नहीं देने के कारण गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़ कर फरार हैं. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. साथ ही मामले की जांच में जुट गयी है.
जानकारी के अनुसार कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा के सोनार गली गांव निवासी हरेंद्र प्रसाद ने तीन साल पहले अपनी बेटी प्रतिभा की शादी मीरगंज थाना क्षेत्र के सोनार पट्टी गांव निवासी अशोक सोनी के पुत्र संदीप सोनी के साथ की थी. आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ही संदीप व उसके परिवार के लोग प्रतिभा पर रुपये मांगने का दबाव डालने लगे.
इसे भी पढ़ें:कांग्रेस का जनता दरबार, मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा- जनता के सवालों का होगा निदान
प्रतिभा द्वारा मना करने पर उसकी पिटाई की जाती थी. इसी बीच प्रतिभा और संदीप को एक बच्चा भी हुआ. ससुरालवालों की डिमांड जारी रही. प्रतिभा फिर दो माह से गर्भवती थी.
शनिवार को पति ने उसकी काफी पिटाई की थी. प्रतिभा ने फोन कर अपने घर पर सारी बातें बतायीं. वह अपने भाई को बुला कर वापस मायके जाना चाहती थी. मृतका का भाई जब उसके ससुराल पहुंचा, तब घर के कमरे में उसकी लाश पड़ी हुई थी.
2 साल का मासूम बेटा मां के शव के पास रो रहा था. पति समेत ससुर-सास व ननद घर छोड़ कर फरार हो गये थे. अपनी बहन को मृत देख उसने तत्काल स्थानीय थाना को सूचित कर दिया.
इसे भी पढ़ें:रोजगार की गारंटी दे रहा हजारीबाग के चुरचू स्थित डूमर गांव में बना मनरेगा पार्क




