
Palamu: मनरेगा योजनाओं का क्रियान्वयन मजदूरों के माध्यम से ही किया जाना है.बावजूद इसमें मशीनों का इस्तेमाल धड़ल्ले से होता है.ताजा मामला जिले के पांकी प्रखंड की सुड़ी पंचायत से सामने आया है.यहां धड़ल्ले से जेसीबी का उपयोग किया जा रहा है.लेबर कार्ड होने के बावजूद मजदूर रोजगार से वंचित हो रहे हैं.रात के अंधेरे में जेसीबी का उपयोग कर बिचौलियों के द्वारा मनरेगा का काम किया जा रहा है. सबकुछ जानकर भी प्रखंड प्रशासन चुप्पी साधे हुए है. मिली जानकारी के अनुसार सुड़ी-भांग राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण में मनरेगा योजना अंतर्गत पोटो हो खेल विकास योजना 2022 के तहत खेल मैदान समतलीकरण का कार्य हो रहा है. इस योजना में मानव श्रम की मदद लेनी है, लेकिन सारे नियम कानून को धता बताते हुए खुलेआम जेसीबी से काम कराया जा रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि मुखिया, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, मेठ की मिलीभगत से जेसीबी मशीन से सारा कार्य कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पलामू : संदेहास्पद स्थिति में हुई अधेड़ की मौत,तीन दिन बाद खेत से मिला शव

मामले की मनरेगा लोकपाल और उपायुक्त से शिकायत
सुड़ी-भांग राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रांगण में मनरेगा योजना के तहत हो रहे पोटो हो खेल योजना, जिसका वर्क कोड नंबर 3405005004/एवी/7080901174116 हैं. करीब 2 लाख 74 हजार 940 रुपए की लागत से इस काम को कराया जा रहा है. इस कार्य में मजदूरों से काम कराना था, लेकिन मजदूरों से काम कराने के बजाए रात में जेसीबी मशीन से काम कराया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की शिकायत मनरेगा लोकपाल और पलामू उपायुक्त समेत उप विकास आयुक्त से की है. इधर शिकायत मिलने के बाद पलामू उपायुक्त व लोकपाल ने मामले को गंभीरता से लिया है. पूरे मामले की जांच टीम गठित की गई है. गठित टीम के द्वारा पूरे मामले की जांच की जाएगी.

स्थानीय लोगों का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि सुड़ी पंचायत की मुखिया बिंदा देवी और उनके पति लोकनाथ यादव पांकी बीडीओ निर्भय कुमार के करीबी रिश्तेदार है. बीडीओ के करीबी होने के कारण मुखिया और उनके पति मनमानी कर रहे हैं. इधर, इस मामले में उप विकास आयुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि मनरेगा योजना में रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से काम कराने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो को संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. जांच के बाद दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी भी कीमत में दोषी लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं पंचायत सेवक कृष्णा प्रसाद ने बताया कि उन्हें भी लोगों के द्वारा सूचना मिला है कि रात के अंधेरे में जेसीबी मशीन से मनरेगा का काम किया जा रहा है. किसी भी कीमत में भुगतान नहीं करेंगे. मुखिया और रोजगार सेवक से संपर्क नहीं हो पाया.




