
Ranchi/ Ramgarh: डॉ राहुल बरेलिया रामगढ़ सदर अस्पताल में पदस्थापित हैं. बावजूद इसके निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन कर वे अपने प्राइवेट अस्पताल बरेलिया नर्सिंग होम में सेवा दे रहे हैं. इसे लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन ने गहरी नाराजगी जताई है. इस संबंध में रामगढ़ डीसी चंदन कुमार ने सोमवार को सिविल सर्जन, रामगढ़ को पत्र लिखकर सात दिनों के अंदर प्रतिवेदन और कृत कार्रवाई के संबंध में जानकारी मांगी है. डीसी के मुताबिक राहुल बरेलिया की नियुक्ति डीएमएफटी मद अंतर्गत ऑर्थोपेडिक स्पेशलिस्ट के तौर पर सदर अस्पताल में की गई है. पर वे अपने निजी अस्पताल में ही सेवा देते हैं. आयुष्मान भारत आरोग्य योजना अंतर्गत आंकड़ों के मुताबिक राहुल ने 01-09-22 से 31-5-23 की अवधि के बीच अपने बरेलिया नर्सिंग होम में 188 सर्जरी की है. इस अवधि में उनकी ओर से एक भी सर्जरी सदर अस्पताल में नहीं की गई है. डीसी ने इस मामले में सिविल सर्जन से राहुल बरेलिया से कारणपृच्छा करने को भी कहा है.
दलाल, एजेंट कनेक्शन की भी होगी जांच
चंदन कुमार ने सिविल सर्जन से यह भी जांच करने को कहा है कि जिन 188 मरीजों की सर्जरी पिछले सालभर में राहुल बरेलिया ने अपने नर्सिंग होम में की, क्या वे पूर्व में सदर अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ के लिए आए थे. अगर सदर अस्पताल में उन्हें एजेंट, दलाल के जरिये बरेलिया नर्सिंग होम में इलाज के लिए भेजा गया तो इसकी जांच भी ठीक से हो. अगर इस संबंध में किसी तरह के प्रमाण मिलेंगे तो लीगल एक्शन लिया जाए.
इसे भी पढ़ें: डुमरी उपचुनाव: बेबी देवी और यशोदा देवी के बीच कांटे की टक्कर, 20 हजार वोटों के अंतर से जीत-हार का दावा




