JharkhandRanchi

51वां कोल इंडिया स्थापना दिवस: सीएमपीडीआई को मिले 6 सीआईएल पुरस्कार

Ranchi: सीएमपीडीआई ने आज संस्थान के मुख्य भवन के समक्ष बड़े उत्साह और उमंग के साथ कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) का 51वां स्थापना दिवस मनाया. सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी/सीआरडी) शंकर नागाचारी ने सीआईएल ध्वज फहराकर समारोह की शुरूआत की. तत्पश्चात्, सीआईएल कारपारेट गीत का गायन हुआ. इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी/आरडीएंडटी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (तकनीकी) नृपेन्द्र नाथ, क्षेत्रीय संस्थान-3-रांची के क्षेत्रीय निदेशक श्री कंचन सिन्हा, सभी महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष, जेसीसी सदस्य, श्रमिक संगठन, सीएमओएआई के प्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे.

  • इस अवसर पर श्री नागाचारी ने कहा कि कोल इंडिया की स्थापना का उद्देश्य केवल कोयला उत्पादन ही नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी था कि हम अपने समुदायों और राष्ट्र के लिए ऊर्जा के स्थायी स्रोत उपलब्ध कराएं. कोयला उद्योग की भूमिका ऊर्जा उत्पादन से कहीं आगे तक फैली हुई है, यह रोजगार, विकास और स्थिरता के अवसर भी प्रदान करता है.

उन्होंने आगे कहा कि सीएमपीडीआई ने कोयले के अलावा अन्य खनिजों के गवेषण कार्यों का भी विस्तार किया है. इस वर्ष, सीएमपीडीआई ने झारखंड में एक बेस मेटल ब्लाक और एक बाक्साइट ब्लाक में गवेषण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया. इसके अतिरिक्त, झारखंड के एक ब्लाक में मैग्नेटाइट और मध्य प्रदेश के एक ब्लाक में कापर एवं ग्रेफाइट का गवेषण कार्य प्रगति पर है. हाल ही में, सीएमपीडीआई ने राजस्थान में नवताला-देवीगढ़ आरईई गवेषण ब्लाक के लिए गवेषण लाइसेंस प्राप्त किया है. यह उपलब्धि भारत में महत्वपूर्ण और रणनीति खनिजों की खोज में तेजी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे देश में खनिज आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा. सीएमपीडीआई ने सीआईएल स्तर पर 6 पुरस्कार जीते. कारपोरेट पुरस्कार श्रेणी में, क्षेत्रीय संस्थान-5-बिलासपुर के अधीनस्थ कुसमुंडा कैंप को सर्वश्रेष्ठ ड्रिलिंग कैंप का पुरस्कार मिला और क्षेत्रीय संस्थान-4, सीएमपीडीआई के नागपुर कालोनी कैम्पस को कर्मचारी कल्याण एवं स्वच्छ कालोनी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया. व्यक्तिगत/समूह पुरस्कार श्रेणी में मनोज कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, क्षेत्रीय संस्थान-5, बिलासपुर को ‘‘सीएमपीडीआई के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय निदेशक’’, मुख्यालय-रांची के श्री विनोद कुमार पांडे, महाप्रबंधक (पर्यावरण) को ‘‘सीएमपीडीआई के सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष’’ जबकि रणदीप सिंह, महाप्रबंधक (उत्खनन/ओपनकास्ट), सीएमपीडीआई मुख्यालय ने ‘‘व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार’’ हासिल किया तथा प्रतिष्ठित एन. कुमार इनोवेशन पुरस्कार मुख्यालय-रांची के महाप्रबंधक (खनन/ब्लास्टिंग) डा0 कुणाल दास ने जीता. इस अवसर पर सीएमपीडीआई ने उन कर्मियों के बच्चों/वार्डों को सम्मानित किया, जिन्होंने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के दौरान अंतिम 10वीं या 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए.

Related Articles

Back to top button