
Koderma: धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा स्टेशन के समीप शनिवार की सुबह ट्रेन से गिरकर एक करीब 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जीआरपी कोडरमा से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के पास से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान कोडरमा जिले के जयनगर निवासी अरमान खान पिता साबिर खान के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें : जेसैक्स ने ब्लड बैंक खोलने को मांगा आवेदन, संस्थाएं कह रहीं नया खोलने से पहले पुराने को करें दुरुस्त
मृतक के परिजनों ने बताया कि युवक गोवा में काम करता था और छुट्टी लेकर मुंबई मेल ट्रेन से कोडरमा लौट रहा था. युवक के पास कोडरमा स्टेशन तक का टिकट भी मिला है. जीआरपी के द्वारा संभावना जताई जा रही है कि युवक किसी कारणवश कोडरमा स्टेशन पर नहीं उतर पाया होगा. इसके बाद कोडरमा स्टेशन से गाड़ी खुलने के बाद शायद उसने उतरने का प्रयास किया होगा.
इस दौरान कोडरमा स्टेशन से थोड़ी दूर पर स्थित लराबाद के समीप ट्रेन से गिरकर उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जीआरपी ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं घटना की सूचना के बाद मृतक के परिजन भी जीआरपी कोडरमा पहुंचे.
इसे भी पढ़ें :औरंगाबाद में असामाजिक तत्वों ने प्लास्टिक दुकान में लगाई आग, 15 लाख का नुकसान




