National

एयर स्ट्राइक पर बोले येदियुरप्पाः मोदी के समर्थन में बनी लहर, जीतेंगे 28 में से 22 सीटें

Bengluru: पूरे देश में पुलवामा हमले के बाद लोगों में गुस्सा और शोक का माहौल था. इन सबके बीच भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक करने के बाद लोगों में खुशी थी और लगा कि शहीदों की शहादत बेकार नहीं गयी. हर राजनेता यहीं बात करते हैं कि शहीदों की शहादत और देश की सुरक्षा के मसले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. लेकिन इस माहौल के बीच कर्नाटक के पूर्व सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता येदियुरप्पा ने कुछ ऐसा बयान दिया है कि वो चर्चा में हैं. दरअसल बुधवार को उन्होंने कहा कि आइएफए ने जो एयर स्ट्राइक की है, उससे नरेंद्र मोदी के समर्थन में लहर बनी है. और राज्य की 28 लोकसभा सीटों में से 22 में जीत दर्ज करने का उन्होंने दावा भी किया.

क्या कहा येदियुरप्पा ने

एयर स्ट्राइक पर प्रतिक्रिया देते हुए येदियुरप्पा ने कहा, ‘ भारतीय विमान पाकिस्तान में घुसे और वहां जैश के कैंप को नष्ट कर दिया. पीएम मोदी ने पाकिस्तान को सबक सिखाने का जज्बा दिखाया है. उन्होंने (पीएम मोदी ने) कहा था कि 40 जवानों की शहादत बेकार नहीं जायेगी. मोदी ने अपना वादा पूरा किया. दिनों-दिन बीजेपी के पक्ष में लहर बनती जा रही है.

पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकी कैंपों को बर्बाद करने के कदम से देश में मोदी के समर्थन में लहर बनी है और इसका नतीजा आगामी लोकसभा चुनाव में नजर आ सकता है.’ चित्रदुर्ग में संवाददाताओं से उन्होंने कहा, ‘इसने नौजवानों में जोश भर दिया है. इससे हमें (कर्नाटक में) लोकसभा की 22 से ज्यादा सीटें जीतने में मदद मिलेगी.’

बयान शर्मनाक – सिद्धारमैया

येदियुरप्पा के इस बयान पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं. कर्नाटक कांग्रेस ने इसे शर्मनाक और गैर-जिम्मेदाराना बयान बताया है. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा, ‘वोटों के लिए बीजेपी की योजना को जानकर मैं हैरान हूं. ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजेपी विवाद थमने से पहले ही चुनावी लाभ की गणना कर रही है.

साथ ही कहा कि कोई भी देशभक्त सैनिकों की शहादत पर इस तरह के लाभ को प्राप्त करने की बात नहीं कर सकता, यह केवल एक देशद्रोही ही कर सकता है. उन्होंने ये भी कहा कि ‘मैं शहीद वीरों के शवों के साथ येदियुरप्पा के चुनावी लाभ के राजनीतिक लालची सपने के बयान की निंदा करता हूं. ये शर्मनाक है.

इसे भी पढ़ेंःअमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस ने UNSC में दिया प्रस्तावः मसूद अजहर को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

Related Articles

Back to top button