Sports

वर्ल्ड कपः लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, बांग्लादेश को 28 रनों से दी मात

Barmingham: बांग्लादेश को 28 रनों से शिकस्त देकर भारत ने विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. लगातार तीसरी बार टीम इंडिया वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है.

इससे पहले 2011 विश्व कप में भारत ने खिताब जीता था, जबकि 2015 विश्व कप में सेमीफाइनल में कंगारू टीम से हारकर भारत का सफर खत्म हुआ था.

सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के मौजूदा टूर्नामेंट के रिकॉर्ड चौथे शतक और लोकेश राहुल के साथ उनकी बड़ी शतकीय साझेदारी के बाद जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या की उम्दा गेंदबाजी से भारत ने वर्ल्ड कप के रोमांचक लीग मैच में मंगलवार को यहां बांग्लादेश को 28 रन से हराया.

रोहित का शानदार शतक

रोहित ने 92 गेंद में पांच छक्कों और सात चौकों की मदद से 104 रन की पारी खेलने के अलावा साथी सलामी बल्लेबाज राहुल (77) के साथ पहले विकेट के लिए 180 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने नौ विकेट पर 314 रन बनाए. ऋषभ पंत ने भी 48 रन की पारी खेली.

रोहित का मौजूदा विश्व कप में यह चौथा शतक है और उन्होंने एक विश्व कप में सर्वाधिक चार शतक के श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा के रिकार्ड की बराबरी भी की.

रोहित साथ ही मौजूदा टूर्नामेंट में 544 रन के साथ सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए.

बांग्लादेश को डेथ ओवरों में मुस्ताफिजुर रहमान (59 रन पर पांच विकेट) और शाकिब अल हसन (41 रन पर एक विकेट) ने मजबूत वापसी दिलाई, जिससे भारतीय टीम अंतिम 10 ओवर में 63 रन ही बना सकी.

286 रनों पर ढेर हुआ बांग्लादेश

इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम बुमराह (55 रन पर चार विकेट) और पंड्या (60 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 48 ओवर में 286 रन पर ढेर हो गई.

युजवेंद्र चहल (50 रन पर एक विकेट) ने भी उम्दा गेंदबाजी की. बांग्लादेश की ओर से शाकिब अल हसन ने सर्वाधिक 66 रन बनाए.

मोहम्मद सैफुद्दीन (38 गेंद में नाबाद 51) और शब्बीर रहमान (36) ने सातवें विकेट के लिए 66 रन जोड़कर बांग्लादेश की उम्मीद बंधाई थी. लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद भारत जीत दर्ज करने में सफल रहा.

बांग्लादेश वर्ल्ड कप से बाहर

इस जीत से भारत के आठ मैचों में छह जीत से 13 अंक हो गए हैं. और वह दूसरे स्थान पर बरकरार है. बांग्लादेश इस हार के बाद आठ मैचों में सात अंक के साथ सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया.
ऑस्ट्रेलिया और इंडिया की टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. लेकिन अब दो जगह के लिए न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान के बीच जंग है. शुक्रवार को न्यूजीलैंड व इंग्लैंड के बीच मैच होगा, जिसके बाद तीसरी टीम मिल जाएगी, जो सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी.

Related Articles

Back to top button