
Dhanbad : जनधन खाते से पैसे निकालने के लिए बुधवार को फिर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का बिलकुल ही ख्याल नहीं रखा गया. भीड़ में खड़े लोग आपस में धक्का-मुक्की करते रहे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कहीं कहीं पर एक कांस्टेबल खड़ा नजर आया. ये मामला झरिया फूसबंगला के भागा के बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच का है. लेकिन सबसे आश्चर्य की बात तो ये रही कि महिलाओं के बीच एक मीटर तो दूर एक इंच की भी दूरी का ख्याल नहीं रखा गया था.
इस बैंक के बाहर सुबह से ही खाताधारियों की भीड़ उमड़ने लगी थी. काफी देर तक भीड़ में धक्का-मुक्की होती रही. इसके बावजूद इन्हें रोकने की कोई कोशिश नहीं की गयी.
इसे भी पढ़ें –#CoronaEffect: सोशल मीडिया को सरकार का फरमान, कहा- डिलीट करें भ्रामक पोस्ट, अपलोडर की जुटाएं जानकारी
लॉकडाउन के कारण लोगों के समक्ष उत्पन्न हुई विकट स्थिति
जनधन खाते से पैसे निकालने आयी महिलाओं ने बताया कि लॉकडाउन के कारण उनके सामने विकट स्थिति उत्पन्न हो गयी है. ऐसे में सरकार द्वारा भेजा गया पांच सौ रुपया उनके काफी काम आयेंगे. यही सोचकर वे लोग भीड़ में खड़ी हैं.
लेकिन लाइन में लगी महिलाओं के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का जरा भी ख्याल नहीं रखा गया है. खाताधारी महिलाओं के बीच एक मीटर की दूरी तो दूर एक इंच की भी दूरी देखने को नहीं मिल रही है. इस भीड़ में खड़ी महिलाओं ने मास्क भी नहीं पहना है. बस सभी के बीच जनधन खाते की रकम की निकासी के लिए होड़ लगी हुई है. साथ ही महिलाएं आपस में धक्का-मुक्की करते भी नजर आये.
इसे भी पढ़ें – यौन शोषण के मामले में MLA ढुल्लू महतो को HC से नहीं मिली राहत, अग्रिम जमानत याचिका खारिज
धनबाद में पैसे निकालने के लिए हर दिन होती है धक्का – मुक्की
जनधन खाते से पैसा निकालने के लिए भीड़ में हर दिन बैंकों के उमड़ती है और अमूमन नजारा बिल्कुल आज जैसा ही रहता है. महिलाएं आपस में धक्का-मुक्की करती है और कई बारो तो एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में झगड़ भी लेती हैं.
कोरोना के मामले लगातार देश में बढ़ रहे हैं. ऐसे मनें हर तरफ प्रशासन की सख्ती भी देखने को मिल रही है. लेकिन धनबाद की ये तस्वीर ही बताने के लिए काफी है कि प्रशासन कितनी चुस्त है. और कैसे लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन प्रशासन करवा रही है.
ये बात सिर्फ बेक के बाहर की ही नहीं है. सब्जी बाजार और धनबाद की गैस एजेंसी के बाहर भी ऐसा ही मेला लगा हुआ नजर आया. ऐसे में अगर कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ते हैं तो कोई आश्चर्य वाली बात नहीं होगी.
शांतिपूर्ण भुगतान के लिए पुलिस और आम लोगों का सहयोग जरूरी : ब्रांच मैनेजर
इस संबंध में बैंक ऑफ इंडिया के भागा ब्रांच के मैनेजर अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रशासन जब सख्त होता है तो लोग अनुशासित होकर कतार में खड़े होते हैं. लेकिन जब प्रशासन सख्ती दिखाना बंद कर देता है, तो लोग फिर से वही रवैया अपनाने लगते हैं. यह चिंताजनक है.
उन्होंने बताया कि उनके ब्रांच में लगभग 20 हजार खाते जनधन के हैं. यहां पर प्रतिदिन 12 सौ लोगों को पैसे का भुगतान किया जा रहा है. शांतिपूर्ण भुगतान के लिए पुलिस के साथ-साथ आम लोगों का भी सहयोग चाहिए.
इसे भी पढ़ें –कोरोना का असर : राज्य के सरकारी स्कूलों में व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर क्लास की तैयारी, देवघर जिला ने की शुरुआत




