
Palamu: मेदिनीनगर में सोमवार को पूरे तामझाम के साथ महिला सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का डीसी डा. शांतनु कुमार अग्रहरि ने उद्घाटन किया था. केन्द्र का उद्देश्य जिला के सदर और चैनपुर प्रखंड की सखी मंडल की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. लेकिन उद्घाटन के अगले ही दिन प्रशिक्षण केंद्र पर ताला लटका मिला.
प्रशिक्षण के बाद कैसे मिलेगा रोजगार?
यहां सभी महिलाओं को इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन से प्रशिक्षण दिया जायेगा. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी महिलाओं को कोयल आजीविका ऐपारेल पार्क में रोजगार भी उपलब्ध कराया जायेगा. इसके साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिलाओं को सिलाई के लिए बैंक से लोन दिलवाकर आजीविका सुरक्षित की जाएगी. यह प्रशिक्षण जेएसएलपीएस द्वारा प्रशिक्षित स्वयं सहायता की दीदियों के द्वारा दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – राज्यसभा चुनावः हेमंत सुदेश से क्या मिले, ‘बीजेपी’ की बैठक हो गयी ‘एनडीए’ विधायकदल की बैठक
प्रशिक्षण केन्द्र के संचालन का डीसी ने दिया था निर्देश
उद्घाटन के बाद उपायुक्त द्वारा जेएसएलपीएस के डीपीएम को प्रशिक्षण केंद्र का संचालन सुचारू रूप से करवाने का निर्देश दिया. लेकिन इस सेंटर में अगले दिन से ताला लटके पाये जाने से प्रशासनिक तैयारियां अधूरी नजर आती हैं.
16 इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीनों से हर दिन 30 महिलाएं होंगी प्रशिक्षित
इस केंद्र पर 16 इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीनें लगायी गयी हैं. इन मशीनों के माध्यम से हर दिन 30 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस केंद्र के माध्यम से हर साल तीन सौ से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
बंद रहने की वजह हैंडओवर नहीं होना
जेएसएलपीएस के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी डीडी सिंह से जब सेंटर के बंद होने की बात पूछी गयी. तो उन्होंने कहा कि सेंटर हैंडओवर के बाद प्रशिक्षण शुरू हो जायेगा.
इसे भी पढ़ें –सरकारी स्कूलों में बंटी किताबों की गुणवत्ता की होगी जांच, गड़बड़ी पर प्रकाशकों के खिलाफ होगी कार्रवाई




