
Ranchi : रांची जिला में लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के टीकाकरण को बढ़ाने के लिए उपायुक्त छवि रंजन के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. जो 2- 4 जून 2021 तक अपने अपने प्रखंडों का भ्रमण कर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और टीकाकरण बढ़ाने का कार्य करेंगे. बुधवार को पहले दिन प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों ने अपने अपने प्रखंड का दौरा किया.
इसे भी पढ़ें – मंत्री बन्ना गुप्ता ने केंद्र सरकार से की फ्री टीकाकरण की मांग
ब्लॉक लेवल टास्क फोर्स की बैठक
सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों द्वारा ब्लॉक लेवल टास्क फोर्स की बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. बीएलटीएफ के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने विभाग के सभी कर्मियों एवं परिवार के कम से कम 5 सदस्य जिनकी उम्र 45 वर्ष से ज्यादा है उनका वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराये. साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के साथ बैठक कर ग्रामीणों के बीच टीकाकरण को लेकर जागरुकता फैलाने का भी निर्देश दिया गया.
इसे भी पढ़ें – सड़क दुर्घटना में बोकारो के एक युवक की मौत, हेलमेट पहनता तो शायद, बच जाती जान
अफवाहों को दूर करने का प्रयास
प्रखंड स्तर पर प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंडों में टीकाकरण को लेकर ग्रामीणों के बीच व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया. वरीय पदाधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिल कर लोगों के साथ बातचीत की और उन्हें समझाया कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है, अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए टीका अवश्य लें.
वरीय पदाधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों से लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का आग्रह भी किया गया. वरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रखंडों में लगाये गये टीकाकरण कैंप का भी निरीक्षण किया गया. वरीय पदाधिकारियों ने लोगों को बताया कि अपने निर्धारित समय पर दूसरा डोज जरूर लें. साथ ही अपने आसपास के लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करें, जो टीका पहली बार लिया है वही टीका दूसरी बार भी लें.
इसे भी पढ़ें – पुलिस की वर्दी पहनकर लूटपाट करने वाले गैंग का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार




