Lead NewsNationalNEWSTOP SLIDER

पबजी खेलने से रोका तो बेटे ने मां की हत्या कर दी, तीन दिन शव के साथ रहा, फिर पिता को फोन कर दी जानकारी

Lucknow : जानलेवा गेम पबजी बैन होने के बाद भी देश में खेला जा रहा है. लखनऊ में पब जी खेलने से रोकने पर नाराज 16 वर्षीय बेटे ने अपनी मां की गोली मारकर हत्या कर दी. मां की हत्या के बाद बेटा तीन दिन तक मां के शव के साथ ही रहा. इतना ही नहीं 10 वर्षीय बहन को भी घऱ से बाहर नहीं निकलने दिया. बहन को मां के शव के साथ ही रहने को मजबूर किया. जब शव से तेज बदबू फैलने लगी तब उसने अपने पिता को मां की हत्या की जानकारी दी. जिसके बाद पिता पुलिस को मामले की जानकारी दी तब मंगलवार की रात शव को घऱ से निकाला गया. इस सनसनीखेज घटना से लखनऊ के एक इलाके के लोग हैरत में हैं.

 

लखनऊ के पीजीआई इलाका स्थित यमुनापुरम कॉलोनी की घटना है. मृतका नवीन कुमार सिंह की पत्नी है. नवीन सेना में अधिकारी है. फिलहाल पश्चिम बंगाल में पोस्टिंग है. घऱ में उनकी पत्नी साधना (40 साल) अपने 16 साल के बेटे और 10 साल की बेटी के साथ रहती थीं. बेटे ने मंगलवार रात अपने पिता नवीन को वीडियो कॉल करके बताया कि उसने मां की हत्या कर दी है. जिसके बाद नवीन ने एक रिश्तेदार को घर भेजा और पुलिस को जानकारी दी गई.

 

पुलिस के अनुसार नाबालिग बेटा पबजी खेलने का आदि था. मां साधना उसे रोकती थीं. शनिवार की रात भी मां ने बेटे को गेम खेलने से रोका था. बेटा इससे नाराज था और गुस्से में था. रात 2 बजे के करीब जब साधना नींद में थी, उसने अलमारी से पिता की पिस्टल निकाली और मां की हत्या कर दी. इसके साथ ही बहन को डरा-धमकाकर उसी कमरे में बंद कर दिया.

 

पुलिस जब मौके पर पहुंची साधना के शव के पास पिस्टल मिली. पिस्टल की मैगजीन पूरी तरह खाली थी. जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बेटे ने तैश में मां के शरीर पर मैगजीन की सारी गोलियां दाग दी. उसी कमरे में दस वर्षीय बेटी बैठी सुबक रही थी. वह खौफ से सदमे में पहुंच चुकी है. किसी भी सवाल का जबाव नहीं दे पा रही है. पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर लिया. यह भी बताया जाता है कि मां-बेटा के बीच अक्सर विवाद होते रहता था. बेटा एक साल पूर्व घर से भाग भी गया था. यहां उल्लेखनीय है कि भारत में करीब दो साल से पबजी बैन है. बावजूद इसके विभिन्न ब्राउजर के माध्यम से लती बच्चे पबजी खेलने से बाज नहीं आ रहे हैं.

 

Related Articles

Back to top button