National

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने सीबीआइ कांड पर गृह मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट

Kolkata : कोलकाता पुलिस के प्रमुख से सीबीआइ द्वारा पूछताछ करने के प्रयास के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने पर बैठने के परिप्रेक्ष्य में राज्य की स्थिति को लेकर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने रिपोर्ट तैयार गृह मंत्रालय को भेज दिया है. यह जानकारी राजभवन के सूत्रों ने दी. सूत्रों का कहना है कि गृहमंत्रालय सीबीआइ के काम में बाधा डालने के आरोप में वहां मौजूद आइपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई कर सकती है.

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए रविवार को त्रिपाठी को फोन किया था. दरअसल, सीबीआइ की एक टीम कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से चिटफंड घोटाले के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए उनके आवास पर गयी थी, लेकिन टीम को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गयी और उन्हें जीप में भरकर थाने ले जाया गया.

सीबीआइ की कार्रवाई के विरोध में मुख्यमंत्री रविवार की रात साढ़े आठ बजे से धरने पर बैठी हुई हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर बंगाल में तख्तापलट करने का प्रयास करने के आरोप लगाए. अधिकारियों के मुताबिक त्रिपाठी ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को समन कर स्थिति से निपटने के लिए तुरंत कार्रवाई करने को कहा है.

राजभवन के सूत्र ने कहा कि विशेष जांच शाखा (एसआइबी) ने त्रिपाठी को जांच के निष्कर्ष से अवगत कराया है. जिसके बाद उन्होंने रिपोर्ट को तैयार कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव मलय डे और अन्य अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद राज्यपाल रिपोर्ट तैयार किया है.

Related Articles

Back to top button