National

पश्चिम बंगाल में हिंसा,  दो शव बरामद, भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प, भारती घोष के साथ मारपीट की खबर

Kolkata : लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए आज रविवार को पश्चिम बंगाल की भी आठ सीटों  घाटल, मेदिनीपुर, बांकुरा समेत राज्य की आठ सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं.  लेकिन मतदान के दौरान हिंसा की खबरें लगातार आ रही हैं.  खबर है कि यहां बांकुरा के पोलिंग बूथ नंबर 254 पर टीएमसी और भाजपा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये.  वहीं मतदान से पहले बंगाल के झारग्राम में भाजपा के बूथ कार्यकर्ता मिला है, मृत व्यक्ति का नाम रामेन सिंह बताया जा रहा है. भाजपा के कार्यकर्ता के अलावा एक टीएमसी कार्यकर्ता का भी शव बरामद हुआ है.

बंगाल में वोटिंग होने के साथ-साथ हिंसा का दौर भी लगातार चरम पर है.  मिदनापुर में भी दो टीएमसी कार्यकर्ताओं को गोली मारे जाने की खबर  है. दोनों कार्यकर्ताओं को तमलुक के अस्पताल में भर्ती किया गया है. तो वहीं बेल्दा के टीएमसी कार्यालय पर भी हमला किया गया है. टीएमसी का आरोप है कि ये हमला भाजपा ने करवाया है.

इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019 : झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, 67 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा…

भाजपा प्रत्याशी भारती घोष की गाड़ी पर हमला

बंगाल की बहुचर्चित पूर्वआईपीएस ऑफिसर और घाटल सीट से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष ने आरोप लगाया है कि  केशपुर में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की. टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भारती घोष की गाड़ी पर भी हमला कर दिया.  इसके बाद भाजपा उम्मीदवार घोष की आंखों से आंसू निकल गये. घोष की कार पर अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके इससे उनकी कार का पीछे का शीशा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.  पत्थरबाजी में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गये. घटना के समय भारती घोष के साथ छह सुरक्षा कर्मी मौजूद थे.  पूर्व आईपीएस भारती घोष बूथ का निरीक्षण करने पहुंची थी.

उनके साथ मारपीट की घटना उस वक्त हुई जब वे छठे चरण के मतदान के दौरान पोलिंग एजेंट के साथ मतदान केंद्र में घुसने की कोशिश कर रही थीं. कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस की महिला समर्थकों ने घेरकर भारती के साथ मारपीट की और जमीन पर गिरा दिया. भारती इस घटना के बाद रोती हुई भी दिखाई दीं

आज झारग्राम में भी वोट डाले जाने हैं. भाजपा ने आरोप लगाया है कि रामेन सिंह की हत्या की गयी है, उन्होंने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, स्थानीय पुलिस ने इससे इनकार किया है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि रामेन सिंह पहले से ही बीमार था और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. झारग्राम जिले के चुनसोले गांव में गांववालों ने देर रात को भाजपा कार्यकर्ता का शव बरामद किया था. भाजपा का आरोप है कि उनके कार्यकर्ता की हत्या पीट-पीट कर की गयी है.

इसे भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर : मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, हथियार व अन्य सामान बरामद

टीएमसी कार्यकर्ता का शव मिला

मरधारा के कांठी में टीएमसी कार्यकर्ता को मारा गया है. टीएमसी के सुधाकर मैती रविवार रात से ही गायब थे, लेकिन बाद में उनका शव मिला. बताया जा रहा है कि देर रात को वह किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे लेकिन वापस ही नहीं लौटे. हालांकि, ये हत्या कब, कैसे और किसने की है इसकी पूछताछ अभी भी जारी है. बता दें कि लोकसभा चुनाव के अभी तक हर चरण में बंगाल से हिंसा की खबरें आयी हैं. फिर चाहे वह कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो या फिर पोलिंग बूथ पर ही देसी बम से हमला किया जाना हो. बंगाल में पांचों चरण के दौरान हिंसा लगातार बढ़ती गई है, लेकिन हर बार वोटिंग का प्रतिशत भी ज्यादा ही रहा है.

दरअसल, इस बार बंगाल में भाजपा पूरे दमखम से चुनाव लड़ रही है. लड़ाई सीधे तौर पर भाजपा और टीएमसी के बीच है. भाजपा आरोप लगा रही है कि टीएमसी लोकतंत्र का गला घोंट रही है, तो वहीं टीएमसी की आरोप है कि भाजपा सांप्रदायिक माहौल को खराब कर राज्य में राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है. लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज तामलुक, कांति, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पूर्णिया, बांकुरा, विष्णुपुर में वोट डाले जा रहे हैं.

Related Articles

Back to top button