National

सात राज्यों की 59 सीटों पर 12 बजे तक 25.13 प्रतिशत वोटिंग, राहुल गांधी ने वोट डाला

NeweElhi : देश में हो रहे आम चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सात सीटों के साथ यूपी  की 14, हरियाणा की 10, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ तथा झारखंड की चार सीटों पर भी मतदान शुरू हो गया है. छह राज्यों और दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर आज होने वाले मतदान के साथ केंद्रीय मंत्रियों राधामोहन सिंह, हर्षवर्धन और मेनका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेताओं दिग्विजय सिंह तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया की किस्मत ईवीएम में कैद हो जायेगी. इस चरण में कुल 10.17 करोड़ मतदाता मतदान के योग्य हैं, जो 979 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. चुनाव आयोग ने चुनाव के सुचारु संचालन के लिए 1.13 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाये  हैं.

छठे चरण में दोपहर 12 बजे तक कुल 25.13 प्रतिशत वोटिंग होने की खबर है. पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 38.26 प्रतिशत, दिल्ली में सबसे कम 19.55 प्रतिशत, हरियाणा में 23.26 प्रतिशत, यूपी में 21.75 प्रतिशत, बिहार में 20.70 प्रतिशत, झारखंड में 31.27 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 28.25 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया है.

इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019 : झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, 67 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा…

मैं आश्वस्त हूं कि प्यार की जीत होगी : राहुल

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी आज वोट डाला और लोकसभा चुनाव में जीत का भरोसा जताया. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने औरंगजेब लेन स्थित एनपी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में पोलिंग बूथ में वोट डाला. वोट डालने के बाद राहुल गांधी ने एक बार फिर से मोदी सरकार पर हमला बोला और बेरोजगारी, किसान और नोटबंदी जैसे मुद्दों पर घेरा. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकसभा चुनाव नोटबंदी, राफेल, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) जैसे अहम मुद्दों पर लड़ा गया. इस चुनाव में हमारे चार अहम मुद्दे थे बेरोजगारी, किसान , नोटबंदी, भ्रष्टाचार, राफेल.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने पूरे चुनावी अभियान में नफलत का इस्तेमाल किया, मगर हमने प्यार का प्रयोग किया. मैं आश्वस्त हूं कि प्यार की जीत होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता हमारी मालिक है, जो जनता तय करेगी उसे मानूंगा.

इसे भी पढ़ें- फेज 6 इलेक्शन : राष्ट्रपति समेत शीला दीक्षित, गौतम गंभीर व हर्षवर्धन ने सुबह-सुबह डाले वोट

Related Articles

Back to top button