
Ladakh: जम्मू-कश्मीर के लद्दाख में शुक्रवार का दिन आफत भरा रहा. लद्दाख के खारदुंगला में भारी हिमस्खलन हुआ. जिसकी चपेट में चार वाहन आ गए हैं. ये वाहन बर्फ के नीचे दब गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, इन वाहनों में कम से कम 10 लोग सवार थे, जो फिलहाल लापता हैं. लोगों को बचाने के लिए सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
माइनस 15 डिग्री पर रेस्क्यू मुश्किल
बर्फीले तूफान की चपेट में 10 लोगों के आने की सूचना के भारतीय सेना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू किया. लेकिन मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से सेना को राहत और बचाव काम में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
इस इलाके में तापमान माइनस 15 डिग्री बताया जा रहा है. ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, इस मुश्किल मौसम में भी सेना के जवान डटे हुए हैं और लोगों को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं.
इधर, मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन में जमकर बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है. ऐसे में आनेवाले दिनों में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ेंः पारा शिक्षकों की हड़ताल खत्म, कुछ मांगों पर सरकार से साथ बनी सहमति




