
Ranchi : बेशक, झारखंड सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा नहीं की है, लेकिन राजधानी के हालात बता रहे हैं कि बहुत ही कम संख्या में लोग घर से निकल रहे हैं. रांची में मंगलवार को अन्य दिनों की तुलना सड़कें खाली-खाली नजर आ रही है. सड़कों पर वाहनों की संख्या बहुत ही कम है. यातायात पुलिस के अधिकारियों की माने तो वाहनों की संख्या में तकरीबन 80 से 90 फीसद की कमी होने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें :बेकाबू कोरोनाः 24 घंटों में मृतकों की संख्या ने तमाम रिकार्ड तोड़े, जानें- कितनी मौतें हुईं और कितने मरीज मिले
इतना ही नहीं कई दुकानदारों ने एहतियातन दुकान बंद रखी है. लोग फोन पर एक दूसरे का हालचाल ले रहे हैं. जरूरी सामानों को मंगाने के लिए आनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल हो रहा है. पूरे दिन जाम रहने वाले शहर के अधिकांश प्रमुख इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा. शहर के अतिव्यस्ततम मेन रोड पर आवाजाही भी कम है.

इधर, एचईसी आवासीय परिसर में चहल-पहल कम हो गई है. सड़कों पर लोगों का निकलना भी काफी कम हो गया है. आज मंगलवार को सुबह से ही सड़कों पर आवागमन कम देखा जा रहा है. एक बार फिर पूर्ण लॉकडाउन की संभावना को देखते हुए लोग पहले से सजग हो गए हैं. कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बरत रहे हैं.

इसे भी पढ़ें :धनबाद में अस्पताल ने रेमडेशिविर की तीन में से एक ही डोज मरीज को दिया, दो बचाया, मरीज की मौत
राशन की दुकानों, दवा दुकानों और सब्जी मंडियों में लोगों की थोड़ी आवाजाही देखी जा रही है. क्षेत्र में कोरोना का खौफ इस कदर व्याप्त है कि लोग स्वयं ही लॉकडाउन का अनुपालन करने की ओर तत्पर दिख रहे हैं. वहीं, एचईसी आवासीय परिसर स्थित राज्य सरकार के कार्यालयों, एचईसी कारखाना, बैंक, पोस्ट ऑफिस सहित अन्य सरकारी व निजी कार्यालयों में भी उपस्थिति काफी कम नजर आ रही है.
कोरोना से बचाव के मद्देनजर जारी सरकारी दिशा-निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करने की दिशा में भी लोग सक्रिय दिख रहे हैं. कहीं भी लोग बिना मास्क के नजर नहीं आ रहे हैं. वहीं, दुकानों पर भी लोग शारीरिक दूरी बनाए रखने का पालन कर रहे हैं. सड़कों पर वाहन भी काफी कम चल रहे हैं. लंबी दूरी के वाहनों का परिचालन भी लगभग बंद हो गया है, इस आशंका के मद्देनजर कि कहीं लॉकडाउन लग गया तो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. आवासीय परिसर स्थित धुर्वा बस स्टैंड, सेक्टर 3 मार्केट, सेक्टर 2 मार्केट सहित अन्य बाजारों में चहल पहल भी काफी कम दिख रही है.




