JharkhandNEWSPalamu

पलामू: पंजाब नेशनल बैंक, पांकी को लूटने का प्रयास, घिरने पर फायरिंग कर भागे लुटेरे

Palamu:  पंजाब नेशनल बैंक की पांकी शाखा को आज दोपहर लूटने का प्रयास किया गया. पांच की संख्या में आये अपराधियों ने बैंक में घुसकर लूटपाट करने की कोशिश की. लेकिन कर्मियों द्वारा सायरन बजा देने से अपराधी घबरा गये.

घटनास्थल पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गये. पुलिस लुटेरों को पकड़ने के लिए उनके पीछे गयी है. पलामू और लातेहार की सीमा को सील कर दिया गया है.

इसे भी पढ़ेंः इलाज के अभाव में 15 दिनों से बिस्तर पर पड़ी है आदिम जनजाति की दिलबसिया कुमारी

सड़क से 500 मीटर अंदर गांव में है शाखा

गौरतलब है कि पांकी के बसडीहा में पीएनबी की पांकी शाखा संचालित है. यह शाखा मुख्य सड़क से शाखा करीब 500 मीटर अंदर गांव में है. बुधवार की दोपहर करीब 3.15 बजे पांच लुटेरे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे.

तीन लुटेरे बैंक के अंदर घुस गये. जबकि दो बाहर रहे. उस समय बैंक में ग्राहकों की बड़ी संख्या मौजूद थी. लुटेरों की हरकत को देखकर बैंककर्मी उनकी मंशा को भांप गये और सायरन बजा दिया. सायरन की आवाज सुनकर लुटेरे घबर गये और वहां से निकलना मुनासिब समझा.

इसे भी पढ़ेंः पीएम मोदी की सलाह का असर, अर्जुन मुंडा सहित कई मंत्री साढ़े नौ बजे पहुंच जाते हैं कार्यालय

फायरिंग कर घटनास्थल से भागे लुटेरे 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल से भागने के दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग की गयी. इस दौरान लुटेरो को पकड़ने गये बैंककर्मी सुरेश उरांव की पिटायी की गयी. सुरेश के सिर पर पिस्टल के बट से वार किया गया. इससे सुरेश उरांव जख्मी हो गये. उनका इलाज किया गया.

लुटेरों को पकड़ने के लिए मजबूत घेराबंदी की गयी है: एसपी 

जिले के पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत माहथा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की धर पकड़ के लिए मजबूत घेराबंदी की गयी है. जिले के कई थानों की पुलिस सघन जांच अभियान चला रही है.

उन्होंने बताया कि लातेहार के पुलिस अधीक्षक से भी बात हुई है और वहां भी चेकिंग अभियान चल रहा है. जल्द ही सभी अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

बैंक के सचेत होने पर इसी तरह नहीं होंगी घटनाएं

श्री माहथा ने कहा कि अगर बैंक ऐसे ही सचेत रहे तो अपराधी कभी भी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि हमलोगों के लिए यह संतोष की बात है कि सगालिम, बसडीहा जैसे सुदूरवर्ती इलाकों में भी बैंक के सायरन काम कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ेंः UN की  रिपोर्ट : हिंसा, युद्ध के कारण दुनियाभर में सात करोड़ से ज्यादा लोग विस्थापन के शिकार हुए

Related Articles

Back to top button