Chatra : एक सप्ताह के भीतर चतरा पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी (टीएसपीसी) के विरुद्ध दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठन को बड़ा झटका दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ व पलामू पुलिस के सहयोग से चलाये गये छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने चतरा व पलामू के अलावा अन्य जिलों में आतंक का पर्याय बन चुके सब-जोनल कमांडर निर्मल गंझू उर्फ लट्टू गंझू उर्फ पटेल उर्फ विनय सहित तीन अन्य एरिया कमांडरों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें- स्टेन स्वामी ने सरकार और जनता के नाम लिखी खुली चिट्ठी- क्या मैं देशद्रोही हूं ?
तीन दर्जन मामलों में नामजद है पटेल
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये छापामारी अभियान के दौरान करीब तीन दर्जन उग्रवादी मामलों के नामजद अभियुक्त दुर्दांत सब-जोनल कमांडर पटेल को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा एरिया कमांडर अभिमन्यु उर्फ धनंजय उर्फ बिगन भोक्ता, सरबजीत उर्फ लवलेश व विदेशी उर्फ बजेंद्र उर्फ कॉलेज गंझू को गिरफ्तार किया गया है. एसपी ने बताया कि सब-जोनल कमांडर पटेल की गिरफ्तारी कुंदा थाना क्षेत्र के बंठा गांव से हुई है. जबकि, एरिया कमांडर अभिमन्यु की गिरफ्तारी पलामू जिला अंतर्गत मनातू थाना क्षेत्र में स्थित उसके पैतृक घर करमाडीहा से हुई है. वहीं, इसकी निशानदेही पर दो अन्य एरिया कमांडर सरबजीत और बजेंद्र की गिरफ्तारी लावालौंग थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव से हुई है.
इसे भी पढ़ें- मॉब लिंचिंग पर इप्टा ने किया नुक्कड़ नाटक, लोगों को किया जागरूक
लंबे समय से पुलिस को थी पटेल की तलाश
पुलिस कप्तान ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों की निशानदेही पर एक राइफल, एक पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं. उन्होंने बताया कि सब-जोनल कमांडर पटेल पर चतरा व पलामू जिले के विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक उग्रवादी मामले दर्ज हैं. हत्या, अपहरण, लूट, मुठभेड़ व सुरक्षा बलों की हत्या जैसे संगीन मामलों के नामजद अभियुक्त पटेल की गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न जिलों की पुलिस लंबे समय से अभियान चला रही थी. पटेल पर ही वर्ष 2011 में पुलिस और सीआरपीएफ की टीम पर हमला कर सीआरपीएफ के जवान की हत्या करते हुए अत्याधुनिक एक्स-95 हथियार लूटने का आरोप था.
इसे भी पढ़ें- अर्जुन मुंडा का यह ट्वीट कहीं सत्ता पर काबिज हुक्मरानों के लिए कुछ इशारा तो नहीं
अलग-अलग टीम बनाकर चलाया गया अभियान
प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि प्राप्त सूचना के आलोक में अपर पुलिस अधीक्षक अभियान निगम प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया प्रदीप कश्यप व पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पीतांबर सिंह खैरवार के नेतृत्व में अलग-अलग टीम का गठन किया गया. इसके बाद चतरा व पलामू के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया था. अभियान के दौरान ही नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है. प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ने बताया कि क्षेत्र में खिसकते जनाधार व लेवी तंत्र को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी के सुप्रीमो बृजेश गंझू, कोहराम, आक्रमण, मुकेश व भीखन गंझू के इशारे पर ये उग्रवादी क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से उग्रवादी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे. प्रेस वार्ता में सीआरपीएफ के कमांडेंट पवन कुमार बासन के अलावा एएसपी, डीएसपी मुख्यालय, एसडीपीओ सिमरिया, एसडीपीओ चतरा ज्ञान रंजन, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राम अवध सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी डोमन रजक व पत्थलगड़ा थाना प्रभारी नवीन रजक समेत सीआरपीएफ व जिला बल के अधिकारी व जवान उपस्थित थे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




