
Ranchi : रेल निर्माण निगम लिमिटेड की तीन परियोजनाएं समय से लेट चल रही हैं. राजधानी रांची में रेल निर्माण निगम लिमिटेड की तरफ से नामकुम आरा गेट, टाटीसिलवे और सिल्ली में तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाये जाने थे. इन परियोजनाओं की लागत 150 करोड़ से अधिक है.
तीन वर्ष पहले शुरू की गयी इन तीनों प्रोजेक्ट में से फिलहाल आरा गेट आरओबी का 80 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है. अब इस आरओबी में एप्रोच सड़क बनायी जा रही है. टाटीसिलवे के ऊषा मार्टिन लिमिटेड के पास बन रहे ओवरब्रिज में पिलर का निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है. सड़क चौड़ीकरण और आरओबी के एप्रोच वे के लिए खुदाई का काम किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – NEWS WING IMPACT: जांच दल पहुंचा पीड़ित ईसाई परिवारों से मिलने, ग्रामसभा के फैसलों को किया निरस्त, लौटायी जायेगी जमीन और मिलेगा राशन
अधिकारी योजनाओं में दिलचस्पी नहीं दिखाते
जानकारी के अनुसार, रेलवे मंत्रालय की तरफ से राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में डेढ़ दर्जन से ज्यादा आरओबी बनाये जाने की मंजूरी मिली थी. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 20 जून 2018 को विभागीय सचिवों की बैठक में रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना की प्रगति की समीक्षा की थी. समीक्षा के दौरान उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार की परियोजनाओं का काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया था.
उन्होंने यहां तक कहा था कि जो अधिकारी योजनाओं को पूरा करने में दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं, उन्हें वीआरएस दे दिया जाये. बावजूद इसके आरओबी का निर्माणकार्य सुस्त चाल से चल रहा है.
कहां-कहां बनना है आरओबी
राज्य में रेल निर्माण निगम लिमिटेड की तरफ से एक दर्जन से ज्यादा आरओबी बनाये जा रहे हैं. इसमें राजधानी रांची समेत चाईबासा, नोआमुंडी, कोलेबिरा-हाट गम्हरिया, सिल्ली-पतराहातू, रांची रोड, हजारीबाग रोड, भूली, जामताड़ा-बोडमा और अन्य शामिल हैं. 2015-16 में इनका निर्माणकार्य शुरू किया गया था. इन आरओबी को 24 महीने में पूरा किया जाना था.
इसे भी पढ़ें – चारा घोटालाः डोरंडा कोषागार मामले में 85 आरोपियों ने कोर्ट में उपस्थित होकर लगाई हाजिरी




