
Ranchi : रांची कचहरी परिसर स्थित निबंधन कार्यालय में लिंक फेल होने की शिकायतें आम हो गईं हैं. खासकर, दो दिनों से यह समस्या और भी गंभीर है. जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग घंटों इंतजार के बाद कार्यालय से निराश होकर लौटने को मजबूर हो रहे हैं. इतने पर भी समस्या की ओर संबंधित अधिकारी का ध्यान नहीं है.
मंगलवार को कार्यालय का कामकाज शुरू होते ही लिंक फेल हो गया. रुक-रुक कर लिंक मिल रहा था, लेकिन रजिस्ट्री का काम नहीं हो पा रहा था. बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री कराने के लिए कार्यालय पहुंचे थे. इनमें से अधिकांश बगैर रजिस्ट्री कराये वापस लौटने को मजबूर हुए. लौटने वाले कुछ एसे भी लोग थे जो आफिस से अवकाश लेकर पहुंचे थे. जाहिर इन लोगों को फिर से अवकाश लेकर दूसरे दिन आना होगा.

निबंधन कार्यालय के कर्मचारी संजय गुप्ता ने बताया कि धुर्वा स्थित डाटा सेंटर में गड़बड़ी की वजह से लिंक फेल रहती है. इन्होंने खुद माना कि लिंक फेल होने से आमलोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. संजय गुप्ता ने यह भी बताया कि उच्चस्तरीय अधिकारी से ही इस समस्या का समुचित समाधान है. इस तरह की समस्या अक्सर रहती है. जाहिर आमलोगों की इस समस्या के प्रति उच्चाधिकारी उदासीन हैं.
कोरोना गाइडलाइन का भी नहीं हो रहा है पालन
कोरोना के दूसरे फेज के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया गया है. कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद कहा जा सकता है कि इससे निर्देश से इस कार्यालय के कर्मचारियों का कोई लेना-देना नहीं है. कार्यालय के कर्मी न तो मास्क लगाते हैं और न ही शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दिखे. मालूम हो कि 26 फरवरी को सिविल कोर्ट के पांच वकील कोरोना संक्रमित पाये गये थे. जिसके बाद नया बार भवन को एक सप्ताह के बंद कर दिया गया है. इधर, निबंधन कार्यालय में इस तरह की लापरवाही कभी भी भारी पड़ सकती है.




