
Chatra: चतरा व्यवहार न्यायालय में आज घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला. एसपी राकेश रंजन के सरप्राइज चेकिंग से सिविल कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. हथियार बंद दो युवकों की व्यवहार न्यायालय परिसर से गिरफ्तारी की खबर शहर में आग की तरह फैल गई. वहीं सच्चाई जानने के बाद पूरे महकमें ने राहत की सांस ली. दरअसल देवघर कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े कैदी की गोली मारकर हुई हत्याकांड की घटना के बाद एहतियातन एसपी ने किसी को कुछ बताए बगैर व्यवहार न्यायालय परिसर के सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने का निर्णय लिया था.
जिसके बाद सिविल ड्रेस में नकली हथियार के साथ दो सहायक पुलिस जवानों को व्यवहार न्यायालय में तैनात पुलिस अधिकारियों व जवानों को चकमा देकर अंदर घुसने का निर्देश दिया था.
इसे भी पढ़ें:रेरा का फरमान: 1 जुलाई से पहले जमा करें डॉक्यूमेंट्स नहीं तो कोर्ट में लगेगी हाजिरी, प्रोजेक्ट भी होगा रिजेक्ट
जिसके बाद नकली हथियार के साथ दोनों सहायक पुलिस के जवान कोर्ट परिसर पहुंचे और अंदर घुसने का प्रयास करने लगे. लेकिन कोर्ट सुरक्षा में मुस्तैद पुलिस के अधिकारी और जवानों ने दोनों को पकड़ लिया. जिससे पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया.
जिसके बाद पकड़े गए दोनों युवकों ने अपना परिचय दिया, बावजूद किसी ने उसकी एक नहीं सुनी और दोनों को पकड़कर सदर थाना पुलिस थाना ले आई. जिसके बाद पूरे मामले में एसपी को हस्तक्षेप करना पड़ा.
हथियारबंद युवकों के पकडे जाने के बाद सच्चाई जान सभी हतप्रद रह गए. उसके बाद एसपी के निर्देश पर सरप्राइज मॉकड्रिल में शामिल दोनों जवानों को थाना से रिहा किया गया. मामले में एसपी ने मॉकड्रील के दौरान कोर्ट ड्यूटी में मुस्तैदी से तैनात अधिकारी व जवानों को पुरस्कृत करने की बात कही है.
इसे भी पढ़ें:बिहार पुलिस के प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षकों और अनुदेशकों की तैनाती के पुराने फैसलों को डीजीपी ने किया निरस्त




