
Ranchi : जहां राजधानी रांची की ट्रैफिक पुलिस लोगों को ट्रैफिक रूल्स का पाठ पढ़ा रही है, वहीं कुछ लोग इस मुहिम पर पलीता लगा रहे हैं. राजधानी रांची में ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को रातू रोड चौक पर चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक कार के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म उतारने को कहा, तो उस कार में सवार शख्स ट्रैफिक पुलिस अधिकारी से उलझ गया. उसने पुलिस को गाली देते हुए उसके साथ अभद्रता की. वह बार-बार खुद के रसूखदार होने की बात करता रहा और पुलिस अधिकारी को देख लेने की भी बात कही.
इसे पढ़ें- नए प्रभारी ने संभाली धुर्वा थाना की कमान, शराब तस्करी के फर्जी केस में सस्पेंड हुए तारकेश्वर राम
क्या है मामला
मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे रातू रोड चौक के पास ट्रैफिक पुलिस और अधिकारी वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे. इसी क्रम में होटल कृष्णा इन के मालिक विक्की यादव अपनी इंडीवर कार से वहां पहुंचे. उनकी कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी. पुलिस ने जब उन्हें रोका और ब्लैक फिल्म हटाने को कहा, तो विक्की यादव पुलिस अधिकारी से उलझ पड़े और बहस करने लगे. इतना ही नहीं, गाली देते हुए खुद के रसूखदार होने की बात कही. उसके बाद ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने उनकी कार से ब्लैक फिल्म को हटवा दिया. हालांकि, ट्रैफिक पुलिस उनकी कार के सभी शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म नहीं हटा सकी.
इसे भी पढ़ें- पुलिस की कार्रवाई का असर, अंडरग्राउंड हुए मटकाबाज
अपराध को लेकर पुलिस चला रही है चेकिंग अभियान
शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, लूट, हत्या जैसी वारदातों को लेकर रांची पुलिस द्वारा हर दिन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसमें वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म को हटाया जा रहा है और वाहनों के काजगत की भी जांच की जा रही है.




