
Dhanbad : बलियापुर के दूधिया स्थित अपनी ससुराल से बाइक से घोंघागाबाद आ रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी.
शनिवार की देर शाम हुई इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा युवक को घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, लेकिन वहां संसाधनों की कमी के कारण उसे रेफर कर दिया गया. इसके बाद उसे स्थानीय डॉ मोदी नर्सिंग होम ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया.
इसे भी पढ़ें : झारखंड की राजनीति में इस तरह आये जयपाल सिंह मुंडा
मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने जाम की सड़क
डॉक्टरों द्वारा युवक को मृत घोषित किये जाने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी. वे मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. मामले की सूचना मिलने पर बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची.
खबर लिखे जाने तक पुलिस लोगों से जाम हटाने को कह रही थी, लेकिन लोग जाम हटाने को तैयार नहीं थे. सड़क जाम कर रहे स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों का कहना है कि यही युवक परिवार का अकेला कमाऊ सदस्य था, जो अपने बूढ़े माता-पिता और पत्नी व दो छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण करता था. अब उसके घर में कमानेवाला कोई नहीं है, इसलिए सरकार द्वारा उसके परिवार को मुआवजा दिया जाये.
इसे भी पढ़ें :जयपाल सिंह मुंडा की जयंती 3 जनवरी को, झारखंड आंदोलनकारी दिवस के रूप में मनाया जायेगा




