
Ranchi : झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. तीखी धूप व गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. अगले 2 अप्रैल तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. इन तीन दिनों में तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि का पूर्वानुमान है. 3 अप्रैल से राज्य के आसपास कुछ हिस्सों में बादल छाये रहने की संभावना है. इससे तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होगी.
मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो बुधवार को राजधानी रांची का तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं जमशेदपुर में 42.9, डाल्टेनगंज में 42.2, बोकारो 40.1, चाईबासा 40.8, पाकुड़ 35.6 और साहेबगंज में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. ऐसे में बुधवार को जमशेदपुर सबसे गर्म जिला रहा.
हीट वेव का सामना करना पड़ेगा
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि लोगों को इस दौरान हीट वेव का सामना करना पड़ेगा. जो दोपहर में होगा. विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर पश्चिमी और दक्षिण पूर्वी जिलों में हीट वेव चलेगी. जिसमें रांची समेत पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज शामिल है. विभाग के अनुसार हीट वेव 31 मार्च तक चलेगी. वहीं कुछ स्थानों में गर्म हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी.
3 अप्रैल को छा सकते हैं बादल
विभाग ने बताया है कि आने वाले तीन दिनों के बाद अधिकतम तापमान मे दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद 3 अप्रैल से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवा के कारण स्थानीय स्तर पर बादल बनने की संभावना है. हालांकि पांच तारीख के बाद मौसम फिर से साफ हो जायेगा. इस दौरान बारिश की संभावना नहीं व्यक्त की गयी है.




