
Gomia : गोमिया प्रखंड के करमाटांड निवासी और स्वतंत्रता सेनानी स्व. होपन मांझी एवं स्व. लक्ष्मण मांझी के पुत्रवधु मीना देवी ने सोमवार को पूर्व विधायक माधव लाल सिंह से भेंट कर सरकार से आर्थिक सहयोग दिलाने एवं पेंशन दिलाने की मांग की है. मीना देवी के साथ लक्ष्मण मांझी के पौत्र राम प्रसाद मांझी एवं रानी देवी भी साथ थीं. उन्होंने आवेदन पत्र दिया, जिसमें कहा गया है कि वे स्वतंत्रता सेनानी स्व. होपन मांझी एवं स्व. लक्ष्मण मांझी के आश्रित हैं, उन्हें सरकार की ओर से जो सुविधा मिलने चाहिए वह नहीं मिल रही है. उन्होंने भारत सरकार के पत्रांक संख्या 48/12/01 एफ (पी) दिनांक 23 मार्च 2001 द्वारा राज्य सरकार 1980 के तहत स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित को आर्थिक सहायता एवं रोजगार मुहैया कराने का आश्वासन का जिक्र किया है.
उन्होंने पूर्व विधायक से अपनी वेदना प्रकट करते हुए इस आर्थिक संकट से निजात दिलाने की मांग की है. पूर्व विधायक ने तत्काल स्व. लक्ष्मण मांझी की पुत्रवधु को साड़ी, कंबल एवं कुछ आर्थिक सहायता दी. उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सरकार के स्तर से बात कर मिलने वाली सुविधाएं दिलाई जायेगी.




