
NewDelhi : देश में ठंड बढ़ने वाली है. शीत लहर का अनुमान भी लगाया गया है. बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में देश के प्रमुख राज्यों में शीत लहर का आकलन किया है. इन राज्यों में राजधानी दिल्ली समेत, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार शामिल हैं.
मौसम विभाग की मानें तो एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 22-25 नवंबर के दौरान उत्तर पश्चिम भारत को बहुत प्रभावित करेगा. इस अवधि में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश या हिमपात की गतिविधियां सामान्य होने की संभावना है. पिछले सप्ताह क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में भारी वर्षा देखी गयी थी.
इसे भी पढ़ें : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने महिला कॉमेडियन भारती सिंह के घर पर छापा मारा, ड्रग्स बरामद, समन जारी
राजस्थान के कई इलाकों में तापमान गिरा है
बता दें कि राजस्थान के कई इलाकों में तापमान गिरा है. मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों के लिए रात के तापमान में भी गिरावट की बात कही गयी है. राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. चूरू में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 8.3 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 8.4 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें : यूपीएससी टॉपर रहीं टीना डाबी आईएएस पति अतहर आमिर से अलग होंगी, फैमिली कोर्ट में दी तलाक की अर्जी
22 नवंबर के बाद मौसम के मिजाज में बदलाव होगा
दिल्ली में शनिवार और रविवार को ठंड का अनुमान है क्योंकि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जो इस साल अब तक के सबसे कम और सामान्य से पांच डिग्री कम है.भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, नवंबर के महीने के लिए, 2006 के बाद रात के समय पारा का यह सबसे कम आंकड़ा है.
मौसम विज्ञानियों के अनुसार रात के तापमान में 22 नवंबर तक धीरे-धीरे गिरावट होगी. 22 नवंबर के बाद एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव होगा. इसके बाद फिर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बरसात होने की संभावना है.
उत्तर पश्चिम भारत के छिटपुट स्थानों पर शीत लहर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर स्थानों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे 2-4°C और मध्य, पूर्व और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से 2-6°C है. उत्तर पश्चिम भारत में इसके धीरे-धीरे कम होकर 2-4°C होने की संभावना है.
24 घंटों के बाद मध्य भारत में तापमान 2-4°C होने और 48 घंटों के बाद आगे के तीन दिनों में पूर्व भारत में तापमान 2-3°C होने की संभावना जताई गयी है. यानी उत्तर पश्चिम भारत के छिटपुट स्थानों पर शीत लहर की संभावना है.
उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2-6°C और मध्य, पूर्व तथा उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में सप्ताह 1 के दौरान न्यूनतम तापमान 2-4°C रहने की संभावना है. दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर देश के अधिकतर भागों में तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है. पूर्वोत्तर राज्यों में तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.




