
New Delhi: कथित धर्मगुरु आसाराम बापू की कोरोना संक्रमित होने के बाद तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें जोधपुर स्थित एमडीएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराने के बाद उन्हें अब वेंटिलेटर पर भेज दिया गया है. मालूम हो कि आसाराम 16 साल की लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में जोधपुर जेल गए सजा काट रहे हैं.
मालूम हो कि सांस लेने में कठिनाई की शिकायत के बाद बुधवार रात आसाराम को अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. जेल के एक अधिकारी ने बताया कि 80 वर्षीय आसाराम ने बेचैनी की शिकायत की थी और जब वे उन्हें अस्पताल ले गए तो उनका ऑक्सीजन स्तर बेहद कम था.
बताया जा रहा है कि आसाराम की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर उनके अनुयायी अस्पताल पहुंचने लगे. लोगों को संभालने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है.




