
Jamshedpur : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जानी-मानी कंपनी जेएमटी ऑटो प्राइवेट लिमिटेड के कामगारों के बकाये वेतन का मामला तूल पकड़ने लगा है. कंपनी के कामगारों ने वेतन भुगतान नहीं होने पर आगामी 8 अप्रैल को आदित्यपुर में टाटा-कांड्रा मेन रोड जाम करने की चेतावनी दी है. इसके लेकर गुरुवार को कामगारों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के उपायुक्त के नाम एक मांगपत्र तैयार किया गया है. इसे लेकर कामगारों ने बताया कि एनसीएलटी के अधिकारी भी वर्तमान समय में उनका मासिक वेतन भुगतान करने में अपनी असमर्थता जाहिर कर रहे है. ऐसे में वेतन नहीं मिलने से उनके समक्ष भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है. वे बच्चों का स्कूल फीस जमा नहीं करवा पा रहे हैं. इससे उनके बच्चों का नामांकन तक रद्द कर दिया गया है.
इसी को लेकर जिला प्रशासन को आगामी 7 मार्च तक का अल्टीमेटम दिया गया है. बावजूद इसके उनके वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो 8 अप्रैल को आदित्यपुर में टाटा-कांड्रा मेन रोड जामक किया जाएगा. इसके साथ ही कंपनी के कामगारों ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव करने का भी निर्णय लिया है. फिलहाल कामगार जिले के उपायुक्त को मांग पत्र सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराना चाहते हैं. ताकि तय समयसीमा से पहले प्रशासन मामले में हस्तक्षेप कर कामगारों का वेतन भुगतान करा सके. इससे किसी तरह का आंदोलन करने की नौबत भी नहीं आएगी. कामगारों का यह भी कहना है कि यदि इस परिस्थिति में किसी मजदूर के साथ किसी तरह की कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसके लिए प्रबंधन और जिला प्रशासन जवाबदेह होगा. मालूम हो कि जेएमटी ऑटो के घाटे में जाने के बाद कामगारों ने पहले डीएलसी ऑफिस का रुख किया था. उसके बाद उनके बकाये वेतन का मामला एनसीएलटी में चला गया. बीते 23 फरवरी से कंपनी एनसीएलटी के गाइड लाइन पर संचालित हो रही थी, लेकिन उसके एक महीने बाद ही एनसीएलटी ने भी कामगारों को वेतन देने के नाम पर अपने हाथ खड़े कर दिए. इससे मजदूरों में निराशा छा गया. उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई. इसी को लेकर कामगारों ने बैठक कर बकाये वेतन के भुगतान को लेकर यह निर्णय लिया है. ताकि उनके वेतन का भुगतान हो सके और उनकी परेशानियां दूर हो पाए.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर: कोरोना काल के 2 वर्ष बाद होगा हिन्दू नववर्ष यात्रा का भव्य आयोजन




