
Ranchi : 170 करोड़ रुपए के घोटाले के मामले में एसीबी ने अपनी जांच तेज कर दी है. इस मामले में जेरेडा के पूर्व निदेशक निरंजन कुमार से एसीबी सोमवार को पूछताछ कर रही है. एसीबी के डीजी नीरज सिन्हा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा की निरंजन कुमार से पूछताछ जारी है. बता दें कि निरंजन कुमार को ACB कार्यालय ने पूछताछ के लिए पहले ही आने को कहा था.
पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं. हालांकि डीजी नीरज सिन्हा ने अहम जानकारियां के बारे में जानकारी देने से इंकार कर दिया. बता दें कि इससे पहले 29 मई को जेरेडा कार्यालय में छापेमारी की थी. इसके अलावा निरंजन कुमार के कई अन्य ठिकानों पर भी एसीबी की टीम ने छापेमारी की थी और कई अहम कागजात को जब्त किया था.
एसीबी ने दर्ज की थी प्रारंभिक जांच
170 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर एसीबी ने निरंजन कुमार ने खिलाफ प्रारंभिक जांच दर्ज की थी. सीएम के आदेश के बाद 28 मई को एसीबी ने प्रारंभिक जांच दर्ज की है. इंडियन पोस्ट एंड टीसी एकाउंटेंस एंड फाइनेंस सर्विस के अधिकारी निरंजन कुमार के खिलाफ एसीबी डीजी ने आदेश दिया है, कि दो हफ्ते में प्रारंभिक जांच पूरी कर इस संबंध में आगे के तथ्यों की जानकारी जुटाकर एफआइआर दर्ज किया जाये.
निरंजन कुमार पर अवैध रूप से वेतन निकासी सहित कई आरोप
निरंजन कुमार पर अवैध रूप से वेतन निकासी सहित कई अन्य आरोप भी लगे हैं. उनके खिलाफ सरकार के विभिन्न खातों से लगभग 170 करोड़ का भुगतान करने और सपरिवार विदेश भ्रमण की शिकायत भी सरकार को मिली थी.
संपत्ति विवरण में पत्नी के नाम से अर्जित संपत्ति का कोई विवरण नहीं देने और निविदा में मनमाने तरीके से किसी कंपनी विशेष को लाभ पहुंचाने का भी एसीबी से जांच कराने का आदेश सरकार ने दिया है. निरंजन कुमार के खिलाफ पूर्व में एसीबी ने जांच की अनुमति सरकार से मांगी थी. लेकिन पूर्ववर्ती सरकार ने जांच की अनुमति नहीं दी थी.




