
- कोरोना के मद्देनजर सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश
Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इन्डस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की चौथी बैठक अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा की अध्यक्षता में चैंबर भवन में संपन्न हुई. देश में कोविड संक्रमण के बढते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबड़ा ने प्रदेश के व्यापारियों व उद्यमियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए व्यापार करने की अपील की.
देवघर में अव्यावहारिक रूप से लागू एलपीसी को बसौडी भूमि पर से समाप्त किये जाने की पहल पर चैंबर द्वारा देवघर उपायुक्त को धन्यवाद दिया गया और कहा गया कि इससे देवघर जिला विकास के पथ पर अग्रसर होगा. बैठक में जीएसटी, ई-वे बिल, काॅरपोरेट टैक्स, आयकर सहित अन्य कई करारोपण के मुद्दे भी आये, जिसपर चैंबर अध्यक्ष ने ऐसे सभी मुद्दों को वित्त मंत्रालय के समक्ष रखने का आष्वासन दिया.
राज्य की टूरिज्म नीति की प्रशंसा करते हुए चैंबर अध्यक्ष ने स्थानीय स्टेकहोल्डर्स से इसमें निवेश के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि नीति में निहित प्रावधानों के बारे में वृहद् रूप से अवगत कराने हेतु चैंबर द्वारा विभाग के साथ कार्यशाला के आयोजन की पहल की जायेगी.
बैठक के दौरान उद्यमियों द्वारा रखी गई समस्याओं के समाधान के साथ ही झारखंड इन्डस्ट्रीयल इन्वेस्टमेंट एंड प्रमोशन पाॅलिसी 2021 (ड्राफ्ट) के मुद्दों पर वार्ता हेतु चैंबर अध्यक्ष ने उद्योग विभाग द्वारा 24 मार्च को आयोजित बैठक में चर्चा कराने की बात कही.
उन्होंने यह भी कहा कि चैंबर के आग्रह पर खनन विभाग द्वारा राज्य में माईका पाॅलिसी और माइनर मिनरल पाॅलिसी के निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है. इस संबंध में चैंबर और विभाग की नियमित रूप से बैठकें आयोजित हो रही हैं. व्यवसायियों ने कहा कि बिक्री कर अधिनियम के तहत 15 वर्ष या इससे पुराने विवादित मामलों के समाधान हेतु अन्य राज्यों की तर्ज पर वाणिज्यकर विभाग झारखंड को भी वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लानी चाहिए. इससे एक ओर जहां राज्य सरकार को अधिकाधिक राजस्व की प्राप्ति होगी वहीं बड़ी संख्या में मुकदमे समाप्त होने से विभागीय अधिकारियों का उपयोग अन्य सदुपयोगी कार्यों में किया जा सकेगा तथा इससे व्यापारी भी चिंता से मुक्त होंगे. चैंबर अध्यक्ष ने इस दिशा में विभागीय वार्ता की बात कही.
चैंबर अध्यक्ष ने अवगत कराया कि रांची से एयर कार्गो का लोड बढे, इस हेतु बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के समीप कोल्ड स्टोरेज के निर्माण हेतु स्थानीय सांसद से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया है. यह भी कहा गया कि रेल मंत्रालय द्वारा स्वीकृत पारसनाथ-मधुबन-गिरिडीह रेल लाइन का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने हेतु भी मंत्रालय से वार्ता की जानी चाहिए. बैठक के दौरान चैंबर के संविधान संशोधन पर भी वार्ता हुई. यह सहमति बनाई गई कि सदस्यों की ओर से प्राप्त समस्त संशोधनों को मूर्तरूप देते हुए अप्रैल माह में ओजीएम का आयोजन किया जायेगा.
बैठक के दौरान ही चैंबर के इस सत्र में प्रकाशित प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया. यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष चैंबर द्वारा मेम्बर डायरी का प्रकाशन भी किया जायेगा. महासचिव राहुल मारू ने अवगत कराया कि जेसीआई-रांची द्वारा आगामी 18 से 21 मार्च तक स्थानीय जिमखाना क्लब में आयोजित रांची चैंपियंस लीग में झारखंड चैंबर की टीम उतारी गई है.
राजधानी रांची में वर्षों पुराने भवनों को तोड़ने अथवा सील करने के निगम के प्रयासों पर चिंता जताई गई और कहा गया कि ऐसे भवनों को रेगुलराइज करने पर विचार करना चाहिए. यह भी कहा गया कि पूर्व में रेगुलराइज करने की प्रक्रिया काफी अव्यवहारिक थी, जिस कारण काफी संख्या में लोगों ने आवेदन नहीं किया था. बैठक के दौरान ही डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार ने उपस्थित हो व्यवसायियों से कोविड टीकाकरण के अभियान में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स से अपेक्षित सहयोग की अपील की और कहा कि इस दिशा में किसी प्रकार की असुविधा होने पर नागरिक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.
बैठक में चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा, उपाध्यक्ष किशोर मंत्री, महासचिव राहुल मारू, सह सचिव राम बांगड, दीनदयाल बरनवाल, कोषाध्यक्ष परेश गट्टानी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आकर्ष आनंद, आलोक मल्लिक, अमित महेश्वरी, मोहनलाल अग्रवाल, निर्मल झुनझुनवाला, कार्यकारिणी सदस्य संजय अखौरी, मुकेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, अमित किशोर, राहुल साबू, अमित शर्मा, आदित्य मल्होत्रा, सोनी मेहता, नवजोत अलंग, शैलेष अग्रवाल, वरूण जालान, पूर्व अध्यक्ष ललित केडिया, अंचल किंगर, उप समिति चेयरमेन, महुआ मांझी, ज्योति कुमारी, ब्रजेश कुमार, शषांक भारद्वाज, विकास सिन्हा, आनंद जालान, मुकेश पांडेय, एसबी सिंह सहित अन्य सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे.




