Crime NewsJharkhandPalamu

इधर पलामू उपायुक्त कर रहे थे ओवरलोडिंग रोकने के लिए टास्क फोर्स की बैठक, उधर उड़ रही थीं नियमों की धज्जियां

Palamu: पलामू जिले में शनिवार को उपायुक्त जहां खनन टास्क फोर्स की बैठक कर रहे थे,  वहीं छत्तरपुर में बेरोकटोक हाइवा में बिना तिरपाल लगाए ओवरलोड छर्री ढोयी जा रही थी. हालांकि छत्तरपुर में ओवरलोड हाइवा के गुजरने की घटना आम है. लेकिन ऐन खनन टास्क फोर्स की बैठक के समय इस तरह का मामला सामने आने पर बैठक के औचित्य पर ही सवाल उठने लगे हैं. गौरतलब है कि पिछले दिनों जिले के उपायुक्त डॉ. शांतनु अग्रहरि ने छत्तरपुर और हरिहरगंज का दौरा करते हुए पाया था कि हाइवा में नियम विरूद्ध बालू, छर्री और अन्य धूलयुक्त मेटेरियल ढोये जा रहे हैं. इसमें सुधार करने और ओवरलोडिंग रोकने का निर्देश उपायुक्त ने दिया था. लेकिन इसका अनुपालन अबतक नहीं हो पाया है.

बैठक में दिये गये कई अहम निर्देश  

पलामू जिले में खनन नियम का उल्लघंन नहीं हो, इसे लेकर उपायुक्त डॉ. शांतनु कुमार अग्रहरि ने एक बार फिर खनन टॉस्क फोर्स की बैठक की. बैठक में उपायुक्त ने टॉस्क फोर्स के अधिकारियों को सामुदायिक उपयोग के लिए पंचायत द्वारा बालू उठाव व प्रेषण में लाभुकों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने का निर्देश दिया. साथ ही बालू घाटों का व्यवसायिक इस्तेमाल नहीं हो,  इसे सुनिश्चित करने का निर्देश भी जिला खनन पदाधिकारी को दिया.

छत्तरपुर में 38 क्रशर सील, 11 ध्वस्त

पिछले दिनों छत्तरपुर अनुमंडल में सील और ध्वस्त किए गये क्रशरों की सूची मीडिया को सौंपी गयी. इस मामले में उपायुक्त को बताया गया कि छत्तरपुर अनुमंडल में टॉस्क फोर्स की कर्रवाई में 11 अवैध क्रशर को ध्वस्त कर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसके अलावा 38 क्रशर को सील कर दिया गया है. उपायुक्त द्वारा हुसैनाबाद अनुमंडल में अवैध खनन भंडारण और क्रशर के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद और जिला खनन पदाधिकारी को संयुक्त रूप से दिया गया. उपायुक्त ने टॉस्क फोर्स के सभी सदस्यों को अपने स्तर से अवैध खनन, भंडारण परिवहन के खिलाफ की गयी करवाई का प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध करने का निर्देश दिया.

बैठक में ये लोग थे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा, सदर एसडीओ नंदकिशोर गुप्ता, छत्तरपुर एसडीओ भोगेंद्र ठाकुर, हुसैनाबाद एसडीओ कुंदन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो के अलावा पलामू, वन प्रमंडल पदाधिकारी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ेंः पलामू माइंस संचालक से 20 लाख रूपये रंगदारी मांगने वाला टीपीसी का एरिया कमांडर गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button