
RAHUL GURU
Ranchi : रघुवर दास के मुख्यमंत्रित्व काल में टाना भगत समुदाय के विकास एवं उत्थान के लिए टाना भगत विकास प्राधिकार का गठन किया गया था. इस प्राधिकार के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ इन टाना भगतों को उपलब्ध कराना था. इसी कड़ी में उच्च शिक्षा विभाग के तहत आनेवाले रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में पुलिस साइंस की पढ़ाई टाना भगत समुदाय के बच्चों को कराने का निर्णय तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिया था.
7.11.2017 को तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में टाना भगतों की समस्याओं के निराकरण को लेकर एक अहम बैठक की गयी थी. इस बैठक के तैयार डॉक्यूमेंट के बिंदु संख्या सात में निर्धारित किया गया था कि टाना भगतों के दसवीं पास बच्चों का नामांकन रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में करा कर एवं 1 वर्ष की पढ़ाई के पश्चात पुलिस में सीधी भर्ती की जायेगी. रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में इनके लिए पुलिस साइंस में डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया गया.
इसे भी पढ़ें : 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप: उत्तराखंड को हरा कर जीत के साथ झारखंड की शुरुआत
कोर्स पूरा कर नौकरी का कर रहे इंतजार
इस घोषणा को किये 5 साल हो जाने के बाद भी पुलिस साइंस की पढ़ाई किये हुए 90 युवा टाना भगत आज भी नियुक्ति का इंतजार ही कर रहे हैं. अब तक इन्हें न तो नौकरी दी गयी है और न ही किसी तरह का कोई आश्वासन ही मिला है.
इसे भी पढ़ें : CM Nitish Kumar बोले, बिहार में मेंटेनेंस के लिए इंजीनियरों व कर्मियों की होगी नियुक्ति
बीते साल 7 फरवरी 2020 को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव कमल किशोर सोन ने गृह कार्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिख कर तत्कालीन रघुवर दास सरकार के निर्णय से अवगत कराया. उन्होंने अपने पत्र में बैठक में हुए निर्णय की जानकारी देते हुए पुलिस साइंस में सर्टिफिकेट कोर्स पूरा कर चुके ताना भगत युवक-युवतियों का रिजल्ट भी होम डिपार्टमेंट को भेजा. लेकिन इस पत्र को भेजे जाने के 2 साल हो चुके हैं अब भी कोई कार्यवाही इनके भविष्य को लेकर नहीं की गयी है. इस संबंध में पुलिस साइंस की पढ़ाई कर चुके दूसरे बैच के बेड़ो के रहनेवाले छात्र मनोज ने बताया कि हमने तत्कालीन रघुवर दास सरकार के निर्णय और तब जारी चिट्ठी को लेकर तमाम अधिकारियों से संपर्क किया लेकिन कोई उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने यह भी बताया कि अब हम अपने अधिकारों को पाने के लिए हाइकोर्ट की शरण ले चुके हैं.
राज्य सरकार उठाती है खर्च
बताते चलें कि झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय देश का तीसरा रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय है, जहां किसी समुदाय विशेष के लिए स्पेशल कोर्स डिजाइन किया गया है और यह कोर्स सर्टिफिकेट कोर्स इन पुलिस साइंस कहलाता है. यहां टाना भगत समुदाय के दसवीं पास युवक-युवतियों का नामांकन होता है. इनके लिए 60 सीट रिजर्व है. इन पर राज्य सरकार प्रतिवर्ष 27 हजार रुपये खर्च करती है. पुलिस साइंस की पढ़ाई कर चुके युवाओं ने बताया कि उन्हें हथियार चलाने की ट्रेनिंग को छोड़ कर पुलिस से संबंधित हर ज्ञान दिया गया है. उन्होंने क्लास रूम में भी पढ़ाई की और फील्ड वर्क भी किया है. इसके बाद भी सरकार के निर्णय और पत्र जारी होने के बाद भी नौकरी का इंतजार करना टाना भगत युवाओं को किसी दुर्भाग्य से कम नहीं लग रहा.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Mobile Snatching : महिला का मोबाइल छीनकर हो रहा था फरार, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा




