
Ranchi: नयी व्यवस्था के तहत राज्य सरकार अब सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के प्रति उनके अभिभावकों को भी संवेदनशील बनाने में जुट गयी है. इसके लिये निजी विद्यालयों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में भी PTM (Parents Teachers Meeting) आयोजित की जायेगी. इसके लिये तिथि का निर्धारण कर दिया गया है. PTM दो दिन होगी. यह मीटिंग 24 और 25 अगस्त को होगी. यह मीटिंग पूरे विद्यालय स्तर पर आयोजित की जायेगी.
इसके लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कमला प्रसाद ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी व अवर विद्यालय निरीक्षक रांची 01 व 02 को पत्र लिखकर PTM में ससमय कार्यवाही एवं उपस्थित रहें. साथ ही मीटिंग से संबंधित सारी जानकारी गूगल लिंक में भरेंगे. प्रखंड के सभी विद्यालय का अनुश्रवण बीईओ, बीपीओ,विषय विशेषज्ञ,सीआरपी, बीआरपी,रिसोर्स पर्सन व अन्य प्रखंड कर्मियों को जिम्मेवारी दी जाये. ध्यान रहे मीटिंग में कोई भी विद्यालय अछूता न रहे. इसके लिये प्रति विद्यालय सभी विद्यालय प्रबंधन समिति को 300 रु उपलब्ध करायी जायेगी.
क्या है उद्देश्यः
PTM आयोजित करने का उद्देश्य सारे अभिभावकों को उनके बच्चों की प्रगति रिपोर्ट देना साथ ही लर्निंग गैप को कम करना है. इसके अलावा बच्चों को लेकर अभिभावकों को संवेदनशील बनाना ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है.
बैठक प्रखंडवार तिथि का निर्धारण इस प्रकार हैः
24 अगस्त- अनगड़ा, नामकुम, सिल्ली, बुंडू, राहे, सोनाहातु, तमाड़, रांची सदर, कांके एवं ओरमांझी.
25 अगस्त- मांडर, चान्हो, रातु, नगड़ी, इटकी, बेड़ो, लापूंग, बुढ़मू व खेलारी.




