
Sahibganj : झारखंड पुलिस में बहाली के नाम पर 10.50 लाख रुपये की ठगी के आरोप में साहेबगंज से महिला हवलदार राजकुमारी देवी और उसके एक भाई बादल मिर्धा को मुफस्सिल थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. राजकुमारी देवी बिहार के सिवान निवासी बिप्लव आर्या की पत्नी है. जो 3 दिन पूर्व जिरवाबाड़ी साहेबगंज कन्हाई मिर्धा के घर अपने मायके आई थी. राजकुमारी व उसके भाई बादल मिर्धा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनदोनों को कोविड -19 की जांच के उपरांत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इसे भी पढ़ें : पहले जहर खिलाया फिर फंदे से लटका दिया, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
चाईबासा में पदस्थापित थी राजकुमारी देवी
गिरफ्तार महिला राजकुमारी देवी पुलिस विभाग में हवलदार के पद पर फिलहाल चाईबासा में पदस्थापित थी.वह तत्काल अभी निलंबित है. बताया जाता है कि 2015 में झारखंड पुलिस की बहाली हो रही थी. इसी दौरान राजकुमारी ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजन कुमार को पुलिस की नौकरी दिलाने का झांसा दे कर साढ़े दस लाख रुपए की ठगी कर ली.
रंजन कुमार ने वर्ष 2018 में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. रंजन ने बताया कि राजकुमारी से पारिवारिक संबंध था. वर्ष 2015 में पुलिस की बहाली हो रही थी तो हवलदार राजकुमारी देवी और उसके पति बिप्लव आर्या, राजकुमारी के बड़े भाई पवन मिर्धा तथा छोटे भाई बादल मिर्धा ने मिलकर उससे 10:50 लाख रुपये की ठगी कर ली.
इसे भी पढ़ें : 1 अक्टूबर को लॉन्च होगा 50MP कैमरे और 5,000mAh बैटरी के साथ Oppo का स्मार्टफोन, जानें शानदार फीचर्स
मेहरमा के कुछ लोगों से भी की गई है ठगी
रंजन ने बताया कि गोड्डा जिला के मेहरमा के कुछ लोगों से भी ठगी की गई है. उसकी नौकरी नहीं हुई तो पैसे वापस करने के लिए लगातार राजकुमारी के परिवार से मिलता रहा परंतु ये टाल मटोल करते रहे. तंग आकर उसने मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज करवाया.
पति बिप्लव आर्या अभी भी फरार
राजकुमारी का पति बिप्लव आर्या अभी भी फरार है.एक भाई पवन मिर्धा की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है. वहीं राजकुमारी देवी की मां ने कहा की उसकी बेटी का पति बिप्लव आर्या कई तरह के गैर कानूनी कार्यों करता है. वह भी अनुकंपा के आधार पर पुलिस विभाग में ही कार्यरत था पैसे का लेन-देन बिप्लव आर्या ने ही किया है. उसने मेरी बेटी और मेरे बेटे को फंसा दिया. वहीं थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय द्वारा निर्गत वारंट के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.
इसे भी पढ़ें : नियमावली बनाने और संशोधन में लगा शिक्षा विभाग, चार नियमावली प्रतीक्षारत




