
New Delhi: अडानी-हिंडनबर्ग मामले की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने छह सदस्यीय कमेटी गठित की है. रिटायर्ड जज एएम सप्रे जांच कमेटी की अगुवाई करेंगे. जांच कमेटी में जस्टिस जेपी देवधर, ओपी भट, एमवी कामथ, नंदन नीलेकणि और सोमशेखर सुंदरेसन को शामिल किया गया है. आज चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जेबी पारदीवाला की बेंच ने यह निर्देश दिया है. अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने ट्वीट कर फैसले का स्वागत किया हैं. उन्होंने कहा- ‘अडाणी ग्रुप सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करता है. साथ ही कहा कि सच की जीत होगी.
नवगठित कमेटी को मामले की जांच सौंपने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने सिक्योरिटी एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया, यानी सेबी से भी स्टॉक्स की कीमतों में हेरफेर की जांच रिपोर्ट तलब की है. सेबी को 2 महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट देनी होगी. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि सेबी के चेयरपर्सन को एक्सपर्ट कमेटी को सभी जरूरी जानकारी देनी होगी. केंद्र सरकार से जुड़ी एजेंसियों को भी कमेटी का सहयोग करना होगा. आवश्यकता होने पर कमेटी बाहरी विशेषज्ञों से परामर्श ले सकती है. कमेटी के सभी खर्चों को केंद्र सरकार ही वहन करेगी.




