
Ranchi : झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कीता रेलवे स्टेशन का नामकरण शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने को लेकर सीएम हेमंत सोरेन को शनिवार को एक चिट्ठी लिखी. राजधानी रांची से 50 किलोमीटर दूर रांची-मुरी रेलखंड पर यह रेलवे स्टेशन स्थित है. कीता चुआड़ विद्रोह के महानायक शहीद रघुनाथ महतो के शहादत स्थल के तौर पर भी जाना जाता है. सुदेश महतो के अनुसार झारखंड के वीर सपूत एवं महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद रघुनाथ महतो ने मानभूम से लेकर धालभूम नीमडीह, सिल्ली और जंगलमहल के इलाकों में अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ाई का नेतृत्व किया था.
जब झारखंड के नायकों की अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह की चर्चा होती है, तो इस सूची में 1769 के शहीद रघुनाथ महतो के नेतृत्व में चुआड़ विद्रोह का नाम प्रमुखता से आता है. ऐसे में कीता का नाम रघुनाथ महतो के नाम पर किया जाये.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : Kashmir में सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी सहित लश्कर और जैश के 7 आतंकियों को मार गिराया, एक जिंदा धराया
पीयूष गोयल से की गयी थी अपील
ज्ञात हो कि सुदेश कुमार महतो ने पिछले वर्ष तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर इस विषय पर उनका ध्यान आकृष्ट कराया था. तत्पश्चात रेल मंत्रालय की ओर से यह सूचना दी गयी कि राज्य सरकार इस बाबत प्रस्ताव भेजे तो आवश्यक कदम उठाये जा सकते हैं.
इसके बाद सुदेश महतो ने सीएम को चिट्ठी लिख कर आग्रह किया है कि राज्य सरकार कीता रेलवे स्टेशन का नामकरण शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर करने की अनुशंसा केंद्र को भेजे.
इससे शहादत, लोकहित और भावना से जुड़े इस विषय को मूर्त रूप मिलेगा. इस झारखंडी वीर सपूत को पूरे भारत के लोग जान सकेंगे.
इसे भी पढ़ें :SAFF U-18 इंडियन वीमेंस फुटबॉल टीम में जौहर दिखायेंगी झारखंड की 6 बेटियां




