
आनंद राव
Jamshedpur : झारखंड का गोल्ड मेडल विजेता बॉक्सर और दो-दो राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा ले चुका वेदप्रकाश सिस्टम से नाराज है. उसकी नाराजगी का कारण भी है. कारण यह है कि वेद को लगता है कि जिस राज्य के स्थानीय प्रशासन में एक पदक खिलाड़ी के लिए समय और सम्मान नहीं, वहां के लिए आखिर वह क्यों खेले. वेद प्रकाश एक सड़क हादसे में घायल होकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती है. उसकी पीड़ा यह है कि सड़क दुर्घटना में बुरी तरह से पैर जख्मी होने के बाद भी थाना ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की.
एमजीएम अस्पताल में भर्ती बॉक्सर वेदप्रकाश ने न्यूजविंद संवाददाता के साथ अपनी आपबीती साझा की. उसने बताया कि वह गोलमुरी की नामदा बस्ती का रहनेवाला है. उसने झारखंड की तरफ से दो-दो नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया है. इसी साल जुलाई माह में हुई राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें उसने गोल्ड मेडल हासिल किया. वेदप्रकाश ने बताया कि वह 3 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी की रात करीब 9 बजे बिरसानगर के जोन नंबर 3 स्थित ट्रेनिंग कैंप में प्रैक्टिस कर बड़े भाई मृत्युंजय पांडेय के साथ बाइक से घर लौट रहा था. रास्ते में गोलमुरी तार कंपनी के समीप लापरवाही से आ रहे बाइक सवार अनुज कुमार ने उसे सामने से टक्कर मार दी. इस हादसे में वेदप्रकाश और अनुज कुमार दोनों घायल हो गये. अनुज बिरसानगर का रहने वाला है.
यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण और चिंतनीय विषय है कि देश और राज्य का नाम रोशन करनेवाले खिलाड़ी की दुर्घटना के बाद थाना में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की जाती. उल्टे उसके खिलाफ ही विरोधी पक्ष मामला दर्ज करा देता है. यह सरासर गलत है. – अरुणा मिश्रा (अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर)
घटना के बाद घायल वेद प्रकाश को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं अनुज को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. अनुज के काफी साथी अस्पताल में मौजूद थे, जिन्होंने वेद के पिता को दबाव डाल कर बुलाया और वहां उसका इलाज शुरू कराया. अगली सुबह 4 अक्टूबर को वेद के पिता ने टेल्को थाना में घटना की जानकारी देते हुई शिकायत पत्र दिया. बॉक्सर वेद के परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की, जबकि धक्का मारनेवाले अनुज की ओर से घटना के दो दिन बाद वेद के खिलाफ शिकायत करते हुए एफआईआर दर्ज करा दी गयी. वेद का आरोप है कि अब अनुज के परिजन उसके इलाज के लिए लाखों रुपयों की मांग कर रहे है.
इस घटना से बॉक्सर वेद और उसके परिजन काफी मर्माहत हैं. उसके पिता का कहना है कि वह खुद गार्ड की नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. काफी मुश्किल से बेटे को यहां तक पहुंचाया. उसने राज्य स्तर पर गोल्ड जीता. आज इस मेडल का क्या फायदा, जब बेटा अस्पताल में घायल पड़ा हो और थाना रिपोर्ट दर्ज नहीं करता. वेद ने बताया कि उसे 5 अक्टूबर को स्पोर्टस कोटा के तहत आर्मी बहाली के ट्रायल में जाना था. दुर्घटना के कारण वहां भी नहीं जा पाया.
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur : रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह के तीन सदस्य को आरपीएफ की फ्लाइंग स्क्वाड ने पकड़ा, 2.50 लाख के समान बरामद




