
New Delhi: भारत द्वारा किये गये एयर सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी विदेश सचिव बीके गोखले ने दी. बीके गोखले ने बताया कि 14 फरवरी को पुलवामा आत्मघाती हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद दूसरी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था. इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर जैश को रोकना जरुरी था. इसे देखते हुए भारतीय वायुसेना ने एयर स्ट्राइक कर जैश के आतंकी कैंप को तबाह किया है.
मसूद अजहर का रिश्तेदार यूसुफ अजहर ढेर
विदेश सचिव ने बताया कि बालाकोट में सेना ने जैश के कैंप को नष्ट किया है. जहां आतंकियों को ट्रेनिंग दी जा रही थी. इस हमले में जैश-ए-मोहम्मद चीफ मसूद अजहर का रिश्तेदार यूसुफ अजहर ढेर हो गया है. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान वो इसी कैंप में था.जानकारी ये भी मिल रही है कि इस कैंप को यूसुफ ही चलाता था. हमले में संगठन के कई सीनियर कमांडर, ट्रेनर समेत कई आतंकी मारे गये है. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि ये शुरूआती जानकारी है. हमले को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
बड़े हमले की फिराक में था जैश
मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश सचिव ने कहा कि खुफिया जानकारी थी कि जैश पुलवामा हमले से भी बड़े हमले की तैयारी में था. इस प्रेस ब्रीफ में विदेश सचिव ने एकबार फिर याद दिलाया कि जैश ने कई बार भारत में आतंकी हमले किये हैं. फिर चाहे वो संसद पर अटैक हो, पठानकोट का हमला हो. उन्होंने पाकिस्तान को लेकर कहा कि कई बार भारत ने पाकिस्तान को जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित जानकारी दी, लेकिन पाकिस्तान की ओर से किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई.
विदेश सचिव ने ये भी साफ किया कि खुफिया जानकारी पर आज हुए हमले में आतंकी संगठन के कैंप को भारत ने निशाना बनाया है, ताकि किसी आम नागरिक को किसी तरह का कोई नुकसान ना हो. उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे.
इसे भी पढ़ेंः भारत ने लिया पुलवामा हमले का बदला




