
New Delhi: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से जुड़े फैसले को ‘असंवेदनशील’ करार दिया है. उन्होंने इसे लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा. सोनिया ने कहा कि कोरोना महामारी के समय लोगों की परेशानी को बढ़ाने वाली इस वृद्धि को वापस लिया जाए.
इसे भी पढ़ें- Delhi: स्वास्थ्य मंत्री की तबीयत बिगड़ी, तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल में भर्ती
संकट के समय लोगों पर वित्तीय बोझ डालना उचित नहीं : सोनिया
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर 2,60,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व जुटाने का प्रयास कर रही है. लेकिन जब प्रधानमंत्री देश के लोगों के आत्मनिर्भर होने की उम्मीद करते हैं तो ऐसे संकट के समय लोगों पर वित्तीय बोझ डालना उचित नहीं है.
सोनिया ने कहा कि मौजूदा कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के दौरान भारत को स्वास्थ्य संबंधी, आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है. मुझे इस बात की पीड़ा है कि ऐसे मुश्किल समय में सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने का असंवेदनशील निर्णय लिया.
उनके मुताबिक ऐसे समय सरकार के इस फैसले का कोई औचित्य समझ नहीं आता जब देश के करोड़ों लोगों की नौकरियां चली गयी हैं. उनके सामने जीविका का संकट खड़ा है, छोटे, मध्यम और बड़े कारोबार बंद हो रहे हैं और किसानों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में करीब नौ फीसदी की कमी आयी है. लेकिन सरकार मुश्किल के समय लोगों को इसका लाभ देने के लिए कुछ नहीं कर रही है.
इसे भी पढ़ें- देश में पिछले 24 घंटे में 10 हजार से ज्यादा केस, संक्रमण से 380 की मौत
बढ़े तेल के दाम वापस लेने की मांग
उन्होंने कहा कि मैं आपसे आग्रह करती हूं कि बढ़ोतरी को वापस लिया जाए. साथ ही कच्चे तेल की कम कीमत का लाभ सीधे देश के नागरिकों को दिया जाए. सोनिया ने कहा कि अगर आप लोगों के आत्मनिर्भर होने की उम्मीद करते हैं तो आगे बढ़ने के उनके रास्ते में वित्तीय अवरोध मत खड़ा करिए. मैं फिर से कह रही हूं कि जो लोग मुश्किल का सामना कर रहे हैं उनके हाथों में सीधे पैसे दीजिए.
गौरतलब है कि तेल कंपनियों द्वारा मंगलवार को पेट्रोल का दाम 47 पैसे और डीजल का दाम 93 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिया गया. यही नहीं एटीएफ यानी विमान ईंधन के दाम में भी 16.3 प्रतिशत की वृद्धि की गयी. पेट्रोल और डीजल के दाम में लगातार 10वें दिन वृद्धि की गयी है. दिल्ली में पेट्रोल का दाम 47 पैसे बढ़कर 76.73 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल का दाम 93 पैसे बढ़कर 75.19 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें- सीमा विवाद पर नेपाल से बात करने को तैयार भारत, ओली सरकार को मनाने की कोशिश-सूत्र




